10 वें अंतरराष्ट्रीय स्पिक मैके में आईआईटी हैदराबाद से वापिस आए मेधावियों ने साझा किए अनुभव

स्पिक मैके का 10th अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आई आई टी हैदराबाद में गत मास आयोजित हुआ । इस कार्यक्रम में स्कूल प्रधानाचार्या रूपाली साहा के निर्देशन में दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल कंडाघाट के 5 विद्यार्थियों एवं एक शिक्षिका आंचल ने भाग लिया। स्पिक मैके से आए विद्यार्थियों ने आईआईटी हैदराबाद के अपने अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि यह अनुभव उनके जीवन भर की यादगार बन गया। इससे विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शन के लिए अच्छा और प्रभावी मंच मिला। कक्षा 6 की छात्रा आत्रेई दास ने बताया कि उनकी दिनचर्या प्रात: 3 बजे योगाभ्यास से प्रारंभ हो जाती थी जहां पर सभी ने अपना काम खुद करना चाहिए यह सीखा। हैदराबाद में देश और विदेश की नामचीन हस्तियों से रूबरू होने का मौका भी मिला। इन हस्तियों में मशहूर बांसुरी वादक दीपक चौरसिया, जावेद अख्तर जैसे लोग शुमार थे।

आईआईटी हैदराबाद में आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले छात्रों लावण्या,आध्या,संस्कृति, आहाना एवं आत्रेई ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने कहा कि यह अवसर राज्य और विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। कार्यक्रम में भाग लेने 4000 विद्यार्थियों के आवेदन प्राप्त हुए। जिसमें मात्र 1500 विद्यार्थियों का चयन हुआ। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल कंडाघाट के विद्यालय के 5 छात्राओं का चयन गर्व का अनुभव रहा।
विद्यार्थियों को मिला गुरुकुल का वातावरण
वहां सभी को गुरुकुल के वातावरण में रखा गया। सभी को सात्विक भोजन कराया गया। 7 दिन की कक्षाओं में बच्चों को कला संगीत योग की शिक्षा दी गयी। कला संगीत योग एक्टिंग से जुड़े पद्मा विभूषण कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। सभी बच्चों का उनसे साक्षात्कार हुआ। फिल्म जगत के कलाकार जावेद अख्तर जी ने बच्चों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए। सम्मेलन के अंतिम दिन बच्चों ने गोलकुंडा किला एवं चार मीनार भी घूमा। स्कूल प्रधानाचार्या रूपाली साहा ने बताया कि ऐसे अवसर विद्यार्थियों में व्यवहारिक ज्ञान के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं। स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष डीआर गुप्ता समिति सदस्य मुकेश राणा और प्रमोद कुमार ने विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।।

