भारत विकास परिषद सोलन शाखा द्वारा आश्रय गौ सदन में वृक्षारोपण अभियान का तीसरा और अंतिम चरण सम्पन्न

कुल 300 पौधे रोपित, पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरक पहल
सोलन, 2 अगस्त, 2025।
भारत विकास परिषद सोलन शाखा द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज आश्रय गौ सदन, सोलन में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम वृक्षारोपण अभियान के तीसरे और अंतिम चरण के रूप में आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 100 पौधे लगाए गए। परिषद द्वारा अब तक तीन चरणों में कुल 300 से अधिक पौधे रोपे जा चुके हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत विकास परिषद के प्रांत अध्यक्ष अशोक टंडन ने की। इस अवसर पर उन्होंने परिषद की कार्यप्रणाली, उद्देश्य और समाज के प्रति समर्पित सेवाभाव पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत विकास परिषद राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा के लिए निरंतर कार्यरत है।
कार्यक्रम के दौरान प्रांत पर्यावरण संयोजक डॉ. मुकेश प्रभाकर ने वृक्षारोपण के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पशुओं के लिए उपयोगी चारे के वृक्षों, उनके गुणों तथा प्रबंधन के बारे में चर्चा की। साथ ही उन्होंने ग्लोबल वार्मिंग, जलवायु परिवर्तन और जैव विविधता संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक प्रतीकात्मक गतिविधि नहीं, अपितु भावी पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षा कवच है।

सोलन शाखा के पर्यावरण संयोजक राजन जैन ने परिषद द्वारा चलाए जा रहे पर्यावरणीय अभियानों की जानकारी दी और आम जनता से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व यह अभियान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोठों और देवठी में सफ़लतापूर्वक आयोजित किया जा चुका है।
इस अवसर पर अरुण भारद्वाज, अजय सूद, अनिल सचदेवा, डॉ. धर्म चंद गुलेरिया, प्रियंका अग्रवाल, सुनील सूद, नरेंद्र कुमार, दीना नाथ शर्मा सहित परिषद के लगभग 15 सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल पर्यावरण संरक्षण था, अपितु गौ सदन के पशुओं के लिए पौष्टिक चारा उपलब्ध करवाना और स्थानीय नागरिकों को जागरूक करना भी था। अंत में गौ सदन प्रबंधन द्वारा भारत विकास परिषद के सभी प्रतिभागियों का आभार प्रकट किया गया।
यह जानकारी परिषद के प्रेस सचिव विनोद गुप्ता द्वारा प्रदान की गई।
