महापौर सुषमा शर्मा एवं पार्षद रोहित भारद्वाज ने वार्ड नंबर-4 सलोगड़ा में किया औचक निरीक्षण, स्वच्छता व्यवस्था का लिया जायज़ा

नगर निगम सोलन की महापौर श्रीमती सुषमा शर्मा एवं वार्ड नंबर-4 के पार्षद रोहित भारद्वाज ने आज सलोगड़ा क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था का जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

महापौर सुषमा शर्मा ने कहा कि “हमारा वार्ड स्वच्छ रहेगा, तभी हमारे लोग स्वस्थ रहेंगे।” उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के स्वच्छ भारत अभियान के संकल्प को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करना नगर निगम की प्राथमिकता है। प्रत्येक नागरिक का भी यह दायित्व है कि वह अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करे।

पार्षद रोहित भारद्वाज ने कहा कि वार्ड नंबर-4 को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान जिन स्थानों पर सफाई की आवश्यकता थी, वहां तत्काल सफाई कार्य करवाया गया तथा भविष्य में नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने महापौर एवं पार्षद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में पहली बार किसी महापौर को उनके क्षेत्र में स्वयं आकर निरीक्षण करते हुए देखा है। उन्होंने नगर निगम द्वारा किए जा रहे स्वच्छता कार्यों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित के कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की कि वे स्वच्छ भारत अभियान को जन-आंदोलन बनाते हुए अपने आसपास सफाई बनाए रखें और नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने में अपना सक्रिय योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *