भाजपा कण्डाघाट मंडल की बैठक में संगठन मजबूती पर मंथन, हरजिंदर कुमार संजू को सौंपी अनुसूचित जाति मोर्चा की कमान

एसआईआर बूथ समन्वय में कण्डाघाट मंडल ने हासिल किया प्रथम स्थान, करीब 70 कार्यकर्ता रहे मौजूद

कण्डाघाट/सोलन, 19 नवंबर 2026: भारतीय जनता पार्टी कण्डाघाट मंडल की मासिक बैठक वीरवार को लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह कण्डाघाट में मंडल अध्यक्ष मदन ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर सक्रियता और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान ग्राम पंचायत वाकना के पूर्व प्रधान हरजिंदर कुमार संजू को अनुसूचित जाति मोर्चा कण्डाघाट मंडल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

बैठक में यह जानकारी भी साझा की गई कि एसआईआर बूथ समन्वय के कार्य में जिला स्तर पर कण्डाघाट मंडल ने प्रथम स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक सक्रिय बनाने पर जोर दिया।

बैठक में मंडल समन्वयक डी.एस. ठाकुर, जिला परिषद अध्यक्षा कुमारी शीला, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष तरसेम भारती तथा वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के पूर्व प्रत्याशी डॉ. राजेश कश्यप विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का मंच संचालन मंडल महामंत्री अरुण ठाकुर ने किया। वहीं, मंडल उपाध्यक्ष एवं ग्रामीण बैंक के निदेशक योगेंद्र वर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए बैठक में उपस्थित सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

बैठक में मंडल के सभी पदाधिकारियों, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, त्रिदेव, ग्राम केंद्र प्रमुखों सहित लगभग 60 से 70 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुटता के साथ कण्डाघाट मंडल में पार्टी की गतिविधियों को गति देने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *