निफ्टम कुंडली की विशेष पहल: कल्हौग स्कूल में खाद्य सुरक्षा, स्वस्थ खानपान और करियर मार्गदर्शन पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


कल्हौग (सोलन, हिमाचल प्रदेश): राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान (निफ्टम), कुंडली द्वारा विद्यार्थियों में खाद्य सुरक्षा, स्वस्थ खानपान एवं करियर संबंधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कल्हौग में विभिन्न शैक्षणिक एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती राधा कश्यप के दिशा-निर्देशन एवं नेतृत्व में किया गया। इस दौरान निफ्टम कुंडली की ओर से डॉ. विकास सुरेलिया एवं सुश्री सोनम विष्णोई ने कार्यक्रम का नेतृत्व किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत तीन प्रमुख गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें खाद्य पदार्थों की लेबलिंग (Food Labelling), एचएफएसएस (HFSS) खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूकता तथा करियर काउंसलिंग शामिल रहीं।
पहली गतिविधि के अंतर्गत विद्यार्थियों को खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग एवं लेबलिंग के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। पोस्टर निर्माण एवं प्रस्तुतीकरण के माध्यम से उन्हें खाद्य उत्पादों पर अंकित पोषण संबंधी जानकारी, सामग्री, निर्माण एवं समाप्ति तिथि तथा अन्य आवश्यक विवरणों को समझने के लिए प्रेरित किया गया। इस गतिविधि में तनिष, अभि, अनन्या, आन्या, अग्रिमा, सार्थक एवं शलभ ने सहभागिता की।
दूसरी गतिविधि में एचएफएसएस (High Fat, Sugar and Salt) अर्थात अधिक वसा, चीनी एवं नमक युक्त खाद्य पदार्थों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने तथा जंक फूड के अत्यधिक सेवन से बचने का संदेश दिया गया। इस गतिविधि में समृद्धि, रीति, इशिता, केशव, इंद्रमणि एवं अरिहंत ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
तीसरी गतिविधि के अंतर्गत करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक एवं व्यावसायिक अवसरों, करियर विकल्पों तथा अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप भविष्य के लक्ष्य निर्धारित करने के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस गतिविधि में अंशिका, अनन्या, धन्या, रिया, श्रवण, आयुष एवं आर्यन ने सहभागिता की।
निफ्टम कुंडली की इस पहल का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों को खाद्य एवं पोषण संबंधी सही जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनमें स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और भविष्य के करियर को लेकर सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना है।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने तथा शिक्षा को दैनिक जीवन से जोड़ने का प्रयास किया गया। विद्यालय प्रशासन ने इस प्रकार की पहल को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में उपयोगी बताया।
