आईजीएमसी की नई 13 मंजिला ओपीडी शुरू

राज्य के सबसे बड़े अस्पताल आईजीएमसी में आखिरकार एक दशक बाद 13 मंजिल नया ओपीडी भवन का संचालन शुरू हो गया है। सोमवार को यहां पर ओपीडी का ट्रायल आरंभ हो गया है। हालांकि दूरदराज से उपचार करवाने आए मरीजों को यहां नई ओपीडी तक पहुंचने में दिक्कतें हुई, लेकिन आईजीएमसी के पुराने भवन के पर्ची काउंटर पर मरीजों सहित तीमारदारों को जागरूक किया गया और उनकी पर्ची बनाकर उन्हें नए भवन की ओपीडी में भेजा गया। एनजीटी के पेंच के कारण यह नया भवन शुरू नहीं हो पा रहा था, लेकिन एनजीटी की सलाहकार समिति ने इसमें राहत देते हुए इसे टीसीपी को भेजने के लिए कहा था, जिस पर अंतिम निर्णय राज्य सरकार को लेना था। सरकार की ओर से इस ओपीडी भवन को जल्द शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने निर्देश दिए और वह स्वयं नौ मार्च को इस भवन का शुभारंभ करेंगे, वहीं ट्रामा सेंटर का लोकार्पण भी करेंगे।
अब मरीज नए भवन में चल रही ओपीडी में सुगमता से अपनी जांच करवाने में जुट गए है। नए भवन में खुला स्पेस है और यहां प्रत्येक मंजिल में अलग अलग ओपीडी है, जिससे पुराने भवन की तीन मंजिल में चल रही ओपीडी की किचकिच से राहत तो मिल रही है, लेकिन व्यवस्थाएं बदल जाने के कारण मरीजों को ओपीडी तक पहुंचने में थोड़ी परेशानी अवश्य झेलनी पड़ रही है। 13 मंजिल इस भवन के करीब 8 मंजिलों में ओपीडी से लेकर टेस्ट सुविधा मुहैया करवाई जा रही हैं। ओपीडी के बाहर बैठने के लिए बैंच का बाकायदा प्रबंध है। न्यू ओपीडी ब्लॉक में शिफ्ट होने वाले डिपार्टमेंट के बाहर ही पर्ची काउंटर मुहैया हो रहे है, जबकि टेस्ट करवाने के बाद जांच रिपोर्ट भी यहीं से मिलनी शुरू हो गई है।
103.18 करोड़ से यह 13 मंजिल ओपीडी भवन बना हुआ है। शिमला शहर की यह सबसे ऊंची इमारत है और यहां पर अब ओपीडी सेवाएं आरंभ कर दी गई है। ईएनटी को छोडक़र अन्य सभी मेडिसिन, आर्थो, सर्जरी, नेत्र रोग, साइकेट्री, चाइल्ड, स्किन, पलमोनेरी मेडिसिन के अलावा सुपर स्पेशियलिटी विभाग की कार्डियोलॉजी, गेस्ट्रोएंट्रोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी व न्यूरो सर्जरी आदि अन्य ओपीडी सुचारू रूप से शुरू हो गई हंै। बता दें कि आईजीएमसी में प्रतिदिन औसतन 3200 से 3500 की ओपीडी होती है और अस्पताल में करीब 900 मरीज उपचाराधीन होते हैं। आईजीएमसी के नए भवन में सिर्फ ओपीडी ही चलेगी, जबकि पुराने भवन में आपातकालीन सेवाएं और वार्ड चलेंगे, जिससे अब मरीजों व तीमारदारों को कोई परेशानी नहीं होगी।
नई व्यवस्था को शुरू कर दिया गया है। थोड़ी दिक्कतें आती हैं। पुराने भवन के पर्ची काउंटर पर आए मरीजों की पर्ची बनाकर उन्हें ओपीडी के बारे में जानकारी दी गई। मरीजों ने नए ओपीडी भवन में जाकर अपनी जांच करवाई। व्यवस्थाएं सुचारू हो जाएंगी और खामियों को दुरुस्त बनाया जाएगा। होली के बाद यहां स्थिति सामान्य हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *