नाहन कालेज में छात्र गुटों में झड़प

जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन के बनोग में स्थित पीजी कालेज में छात्र संगठनों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। इस मारपीट में कालेज के छात्रों समेत आईटीआई के छात्र भी मौजूद थे, जिनमें से करीब आधा दर्जन छात्र घायल हुए हैं। हालांकि छात्रों के बीच किस बात को लेकर मारपीट हुई, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है।
कालेज के छात्रों समेत आईटीआई का भी एक छात्र घायल हुआ है। बता दें सभी घायल छात्रों को मेडिकल कालेज नाहन में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घर भेज दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि डीएसपी मुख्यालय मीनाक्षी शाह ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

