घर के लॉन में घूमते उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री पत्थर लगने से घायल, लगे पांच टांके

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मंगलवार देर शाम घर के लॉन में घूमते समय पत्थर लगने से घायल हो गए। यह पत्थर कहां से आया और कैसे लगा, यह तो जांच का विषय है, लेकिन उनके घायल होने की सूचना पर इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला में उनके समर्थकों का तांता लग गया। उनके सिर के पिछले हिस्से में चोट आई है, जहां पांच टांके लगाने पड़े हैं। पत्थर लगने के बाद उनके सिर से खून बह रहा था, जिसके बाद उन्हें उनके स्टाफ ने तुरंत उपचार के लिए आईजीएमसी पहुंचाया। प्रशासन में हड़कंप मचा उनके घायल होने से प्रशासन में हड़कंप मच गया। पहले यह चर्चा  थी कि घर में गिरने से उन्हें चोट लगी है। इसके बाद पत्थर से चोट लगने की बात सामने आई। इस घटना को लेकर देर रात तक कई कयास लगाए जाते रहे। सूत्रों के अनुसार घर के लॉन में घूमते समय नुकीले पत्थर से उन्हें चोट पहुंची है। अभी उनका आईजीएमसी के विशेष वार्ड के कमरा नंबर 633 में उपचार चल रहा है। अस्पताल में उनका हाल जानने स्वास्थ्य मंत्री धनी राम शांडिल, विधायक आशीष बुटेल, भवानी पठानिया और विनय कुमार समेत कई लोग पहुंचे। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री स्वस्थ: डॉ. अस्पताल के प्राचार्य डॉ. सीता ठाकुर ने बताया कि डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री स्वस्थ हैं। चोट लगने की वजह से उनके सिर पर टांके लगाए गए हैं। इसके बाद उनका सीटी स्कैन किया गया है। आईजीएमसी के डिप्टी एमएस डॉक्टर अमन ने बताया कि मुकेश अग्निहोत्री को अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उपचाराधीन रहेंगे। उनकी सीटी स्कैन समेत सभी रिपोर्ट सामान्य आई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *