मंडी और तकनीकी विवि हमीरपुर के वीसी की जल्द होगी एचपीयू में वापसी, जानें पूरा मामला

* हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से आर्डिनेंस में दिए गए प्रावधान में एक्सट्रा आर्डिनरी लीव (ईओएल) पर गए तीन शिक्षकों की एचपीयू वापसी होगी। विश्वविद्यालय की कार्यकारिणी परिषद की गुरुवार को हुई बैठक में इन तीनों शिक्षकों की ईओएल को रद्द कर दिया गया है। दो-तीन दिन में बैठक की कार्रवाई की रिपोर्ट आने के बाद इसके निर्देश जारी हो जाएंगे। इनमें सरदार पटेल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डीडी शर्मा, प्रति कुलपति प्रो. अनुपमा सिंह और हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. शशि धीमान अब फिर से एचपीयू में अपने विभागों में लौटेंगे। पूर्व भाजपा कार्यकाल में ये शिक्षक आर्डिनेंस के प्रावधानों में ईओएल पर गए थे। इनकी विश्वविद्यालयों में ताजपोशी की गई थी। अब प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद इनकी वापसी लगभग तय है। हालांकि विवि से दो से तीन और ऐसे शिक्षक भी ईओएल पर जाकर विभिन्न विश्वविद्यालयों में कुलपति जैसे अहम पदों पर सेवाएं दे रहे हैं। बैठक में पूर्व कुलपति प्रो. सिकंदर कुमार के कार्यकाल में आउटसोर्स आधार पर लगाए गए करीब तीन सौ कर्मचारियों को ईसी ने तीन माह तक की मोहलत देने के साथ ही विवि प्रशासन को अगले तीन माह में पूर्व में विज्ञापित गैर शिक्षकों के पदों को भरने के निर्देश दिए हैं। इससे इन कर्मचारियों की तीन माह और विवि में सेवाएं जारी रहेंगी। पहले भी ईसी से इन कर्मचारियों को मार्च तक तक सेवाएं जारी रखने का निर्णय हुआ था। इन आउटसोर्स भर्तियों का विवि में लगातार विरोध होता रहा है,और कर्मचारी नियमित भर्तियां करने की मांग करते आ रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *