Innovate to Excel’25″ सम्मेलन में राजकीय बहु तकनीकी संस्थान कंडाघाट के विद्यार्थियों ने द्वितीय पुरस्कार जीतकर संस्थान को दिलाया गौरव
जेपी विश्वविद्यालय ऑफ़ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (JUIT), सोलन में 2 से 4 मई 2025 तक आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय नवाचार सम्मेलन “Innovate to Excel’25: Innovate, Integrate and Engineer” में राजकीय बहु तकनीकी संस्थान कंडाघाट के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने “Hard-Wired” श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त कर संस्थान का नाम रोशन किया। इस पुरस्कार के अंतर्गत टीम को ₹5000 की नगद राशि प्रदान की गई।

सम्मेलन में देशभर के विभिन्न तकनीकी संस्थानों से आए प्रतिभाशाली छात्रों ने भाग लिया। कार्यक्रम में हैकथॉन, स्टार्टअप पिचिंग, टेक्नोलॉजी एक्सपो तथा उद्योग विशेषज्ञों के साथ संवाद सत्र जैसी कई तकनीकी गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जो विद्यार्थियों के नवाचार, तकनीकी दक्षता तथा व्यावसायिक दृष्टिकोण को सशक्त बनाने में सहायक रहीं।

इस उपलब्धि पर संस्थान के प्राचार्य इंजीनियर राकेश शर्मा ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्रों के समग्र विकास एवं उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में अत्यंत सहायक होते हैं।
इस अवसर पर इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष इंजीनियर अरुण भारती का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया गया, जिनके सक्षम मार्गदर्शन एवं सतत प्रोत्साहन से यह सफलता संभव हो सकी।

इस शैक्षणिक भ्रमण में शिक्षक प्रतिनिधियों के रूप में नेहा भदाण (लेक्चरर, ECE), अमित शर्मा (WSI, ECE) एवं योगेश ठाकुर (WSI, ECE) ने प्रतिभाग किया तथा विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
