भारत विकास परिषद सोलन शाखा द्वारा कोठों स्कूल में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित

सोलन, 25 जुलाई: भारत विकास परिषद सोलन शाखा द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोठों (सोलन) में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत विकास परिषद के प्रांत अध्यक्ष अशोक टंडन ने की।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण विषयक जानकारी देते हुए प्रांत पर्यावरण संयोजक डॉ. मुकेश प्रभाकर ने वृक्षों के महत्व, ग्लोबल वार्मिंग, जलवायु परिवर्तन तथा जैव विविधता संरक्षण पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वृक्षारोपण केवल एक प्रतीकात्मक गतिविधि न होकर भावी पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षा कवच है।

सोलन शाखा के पर्यावरण संयोजक राजन जैन ने भी अपने विचार रखते हुए परिषद द्वारा वर्षभर चलाए जा रहे पर्यावरणीय अभियानों की जानकारी दी और आम नागरिकों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रांत अध्यक्ष अशोक टंडन ने भारत विकास परिषद की कार्यप्रणाली, उद्देश्य और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि परिषद न केवल राष्ट्र निर्माण में सहयोग करती है, अपितु समाज के हर वर्ग तक सेवा के माध्यम से पहुँचने का प्रयास भी करती है।

इस अवसर पर अरुण भारद्वाज, अन्नपूर्णा ममगोई, अजय ठाकुर, डी.के. जैन, डॉ. सत्यव्रत भारद्वाज, सावित्री शर्मा, डॉ. धर्म चंद गुलेरिया सहित परिषद के अन्य सदस्यगण भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों तथा स्थानीय नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। अंत में विद्यालय प्रबंधन एवं भारत विकास परिषद द्वारा सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *