धर्मपुर में ब्लाइंड मर्डर का 4 घंटे में खुलासा: पत्नी व साथी ने रची थी हत्या की साजिश


सोलन, 06 जुलाई 2026:
जिला सोलन के धर्मपुर क्षेत्र में सामने आए एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर मामले का पुलिस ने महज 4 घंटे में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 05 जुलाई 2026 को पुलिस चौकी डगशाई को सूचना मिली कि जोहड़ पटियाला के नीचे कच्ची सड़क के पास झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची, जहां एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ जिसकी पहचान रूप लाल (लगभग 40 वर्ष), मूल निवासी नेपालगंज (नेपाल) व हाल निवासी जोहड़ पटियाला, जिला सोलन के रूप में हुई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक 04 जुलाई की शाम अपने साडू को छोड़ने के लिए घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। अगले दिन उसकी तलाश के दौरान उसका शव बरामद किया गया। घटनास्थल से खून से सना चाकू सहित कई महत्वपूर्ण साक्ष्य भी पुलिस ने कब्जे में लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वैज्ञानिक व तकनीकी आधार पर जांच शुरू की। राज्य विज्ञान प्रयोगशाला (SFSL) जूंगा की टीम ने मौके का निरीक्षण कर विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए, वहीं गवाहों के बयान और तकनीकी विश्लेषण भी किया गया।
जांच के दौरान मृतक की पत्नी चन्द्रा चलाउने (26 वर्ष), मूल निवासी नेपाल, की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में एक अन्य आरोपी चक्रा बहादूर कामी (35 वर्ष), निवासी कुमारहट्टी, का नाम सामने आया, जिसे पुलिस ने कुमारहट्टी से गिरफ्तार कर लिया।
प्रथम दृष्टया जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपियों ने आपसी षड्यंत्र के तहत रूप लाल की हत्या की।
दोनों आरोपियों को 06 जुलाई 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां से पुलिस रिमांड लेकर मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, यह मामला पूर्णतः ब्लाइंड मर्डर था, जिसमें प्रारंभिक स्तर पर कोई प्रत्यक्ष साक्ष्य उपलब्ध नहीं था। बावजूद इसके, पुलिस की त्वरित, सुनियोजित और वैज्ञानिक जांच के चलते महज 4 घंटे के भीतर मामले का सफल खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने इस कार्रवाई को पेशेवर और प्रभावी अनुसंधान का उदाहरण बताते हुए कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *