“सत्यं शिवं सुन्दरम्” का सूत्र सिखाती है भगवान शिव कथा – कथा व्यास साध्वी श्वेता भारती

दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा 24 अक्तूबर से 28 अक्टूबर तक भगवान शिव कथामृत का भव्य आयोजन न्यू धर्मशाला,कंडाघाट,सोलन में किया गया है,जिसका समय दोपहर 1 बजे से सायं 4 बजे तक है। कथा के प्रथम दिवस दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज जी की शिष्या कथा व्यास साध्वी श्वेता भारती जी ने कथा माहात्म्य का वर्णन करते हुए बताया कि भगवान शिव की महिमा तो ऐसी है जो देश-काल की समस्त सीमओं से परे विश्व के कण-कण में समाहित है। आज केवल भारत ही नहीं अपितु सम्पूर्ण विश्व में भगवान शिव के असंख्य भक्त उनकी उपासना करते हैं। यदि विश्व की विभिन्न प्राचीन सभ्यताओं की ओर दृष्टिपात करें तो वहाँ भी भगवान शिव की उपासना के असंख्य प्रमाण मौजूद हैं। उदाहरणस्वरूप तुर्किस्तान के बेबीलोन शहर में एक हजार दो सौ फुट का एक विशाल शिवलिंग पाया गया है। स्कॉटलैंड में स्वर्णजड़ित एक विशाल शिवलिंग है। आयरलैंड के तारा हिल में एक बहुत पुराना शिवलिंग स्थापित है। दक्षिण अफ्रीका के ब्राज़ील शहर में अनेकों शिवलिंग हैं। इसी प्रकार मेक्सिको, जावा, कम्बोडिया, सुमात्रा, नेपाल, भूटान, इटली, यूरोप आदि देशों में विभिन्न प्राचीन शिवलिंग होने के प्रमाण मिले हैं। ये सब साक्ष्य भगवान शिव की सर्वगम्यता व असीमित लोकप्रियता को ही दर्शाते हैं। बात करें भारत देश की, तो इतने विदेशी आक्रमणों के बाद भी यदि भारतीय संस्कृति प्रफुल्लित साँसें भर रही है तो इसका एकमात्र कारण है इसकी धमनियों में प्रवाहित होता शिव तत्व। या यूँ कहें, भारत देश की तो आत्मा ही महादेव हैं। लेकिन अफ़सोस, आधुनिकता की अंधी दौड़ में दौड़ती भारत देश की संतानें आज शिव तत्व से कोसों दूर हो पतन की गहरी खाई में लुढ़कती चली जा रहीं हैं। आज समाज में व्याप्त हिंसा, वैमनस्य, मतभेद सब शिव तत्व का समाज से विलुप्तिकरण ही दर्शाते हैं। प्रभु की यह पावन कथा उसी सनातन शिव तत्व को उजागर करने आई है। शिव तत्व को ब्रह्मज्ञान के माध्यम से घट में प्रकट करने आई है। ताकि शिव की संतानें “सत्यं शिवं सुन्दरम्” के सूत्र का अनुसरण करते हुए इस मायायुक्त संसार में सत्य का वरण कर शिवपथ अर्थात् कल्याणकारी पथ पर आगे बढ़ें और अपने जीवन को सुंदर बना लें।
साध्वी सन्तोष भारती जी ने बताया कि गुरुदेव श्री आशुतोष महाराज जी के पावन मार्गदर्शन में दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान सदैव ही सनातन धर्म के प्रचार प्रसार एवं समस्त जनमानस को धर्म का वास्तविक मार्ग दिखाने के लिए प्रयासरत है। साध्वी संतोष भारती जी ने कंडावासियों को परिवार सहित शिव कथा में आने का आहवान किया।कथा का समापन प्रभु की पावन आरती से किया गया जिसमें उपाध्यक्ष नगर पंचायत कंडाघाट राजकुमार शर्मा ,पारस शर्मा,प्रवीण महेन्द्रू आदि परिवार सम्मिलित हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *