सोलन में पेयजल संकट पर कांग्रेस का भाजपा पर हमला, उमेश शर्मा बोले—दो-दो राज्यसभा सांसद साथ, फिर भी जनता प्यासी

10-10 दिन बाद भी पानी के लिए तरस रहे शहरवासी, भाजपा नेताओं की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
सोलन, 27 अक्टूबर। सोलन शहर में गहराते पेयजल संकट को लेकर जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी उमेश शर्मा ने भाजपा नेतृत्व और नगर निगम प्रशासन पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता दो-दो राज्यसभा सांसदों को साथ लेकर घूम रहे हैं, लेकिन शहर की जनता को नियमित पानी उपलब्ध करवाने में नाकाम साबित हो रहे हैं।
उमेश शर्मा ने कहा कि सोलन की जनता पूछ रही है कि आखिर यह कैसा बदलाव है, जहां लोगों को 10-10 दिन तक पानी का इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के शहरी अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता कुछ महीने पहले नगर निगम बनाने को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रहे थे, लेकिन अब वही भाजपा शासित नगर निगम की कथित विफलताओं को लेकर एडीसी सोलन से मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नगर निगम के मेयर और डिप्टी मेयर दोनों भाजपा से हैं। ऐसे में भाजपा नेताओं का अपनी ही पार्टी के नेतृत्व वाले नगर निगम की व्यवस्थाओं के खिलाफ प्रदर्शन करना सवाल खड़े करता है।
कांग्रेस मीडिया प्रभारी ने दावा किया कि कांग्रेस के कार्यकाल में सोलन शहर में हर तीसरे दिन पानी की आपूर्ति होती थी, जबकि अब लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बड़े नेताओं के साथ घूमने और राजनीतिक बयानबाजी करने से जनता की समस्याओं का समाधान नहीं होगा। इसके लिए जमीनी स्तर पर ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
उमेश शर्मा ने भाजपा नेताओं से पेयजल संकट का जल्द समाधान करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि शहरवासियों को नियमित पानी उपलब्ध नहीं करवाया गया, तो कांग्रेस जनता के हक में आंदोलन करेगी।
