अगर सरकारी राशन खराब मिल रहा है तो घुमाएं 1967 नम्‍बर

अगर सरकारी राशन खराब मिल रहा है तो घुमाएं 1967 नम्‍बर

लोगों को उच्‍च गुणवत्‍ता का राशन मिले, प्रयास शुरू…

 शिमला : सरकारी डीपू से यदि आपको खराब या सड़ा हुआ राशन मिलता है तो 1967 नम्बर पर फोन करके अपनी शिकायत दर्ज करवाएं। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने हिमाचल प्रदेश के सरकारी डीपू से राशन लेने वाले उपभेक्ताओं को यह सुविधा प्रदान की है। लोगों में यह धारणा घर कर गई थी कि सरकारी डीपुओं में कम गुणवत्ता वाला राशन गरीब लोगों के लिए वितरित किया जाता है।
 विभाग ने खाद्यान्नों की कीमत एवं गुणवत्ता के संबंध में उपभोक्ताओं को अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए एक टोल-फ्री नंबर 1967 दे दिया है। खाद्यान्नों एवं विभाग द्वारा वितरित की जा रही वस्तुओं जैसे दालें, चीनी, तेल या नमक की गुणवत्ता के संबंध में किसी उपभोक्ता को कोई भी शिकायत हो तो वह तुरंत इस नम्बर पर फोन घुमा सकता है और अपनी समस्या का समाधान करवा सकता है।
 इसके अलावा उपभोक्ता टोल-फ्री नंबर पर भी संपर्क कर अपनी अन्य विभागीय शिकायतें भी दर्ज करवा सकते हैं। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने उपभोक्ताओं को आश्वासन दिया है कि उनकी शिकायतों पर अविलंब कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह तो समय ही बताएगा कि यह नम्बर ठीक से काम करेगा भी या नहीं। उसके लिए बड़े अधिकारियों को पत्र लिखकर भी शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है। विभाग ने आश्वासन दिया है तो कार्यवाही होगी।
 विभाग ने उपभोक्ताओं से सतर्क रहने के बाबत कहा है कि यदि किसी उपभोक्ता को खराब वस्तु प्राप्त होती हैं तो वह उस पैकेट एवं पैकेट में रखी गई वस्तु को यथावत रखें और विभागीय अधिकारियों द्वारा कार्यवाही, छानबीन किए जाने तक उसे नष्ट न करें ताकि छानबीन में सही साक्ष्य प्राप्त हो सकें और आरोपी फर्म एवं व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई विभाग द्वारा की जा सके।
 कहा जा रहा है कि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग एवं निगम उपभोक्ताओं को सही एवं बेहतर गुणवत्तापूर्ण खाद्य वस्तुएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। जो भी व्यक्ति अथवा फर्म खराब खाद्यान्न या अन्य वस्तुएं वितरित करने के लिए दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *