शहर के चिल्ड्रन पार्क में साढ़े पांच लाख के झूले

सोलन शहर के बीचोंबीच स्थित चिल्ड्रन पार्क में घूमने के लिए आने वाले बच्चों को अब नए झूले झूलने के लिए मिलेंगे। नगर निगम ने पार्क में नए झूले लगा दिए हैं, जिसका कार्य लगभग पूरा हो चुका है। निगम द्वारा इन झूलों को लगाने के लिए लगभग साढ़े पांच लाख रुपए खर्च किया गया है। इन झूलों के लग जाने बाने के बाद यहां आने वाले बच्चों को मनोरंजन के लिए सुविधा मिलेगी। गौर रहे कि नगर निगम सोलन द्वारा शहर के सौंदर्यकरण को लेकर विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। विशेषकर शहर के पार्कों की दशा सुधारने के लिए निगम ने कमर कसी हुई है और इसके लिए बजट का प्रावधान भी तीव्र गति से किया जा रहा है।
निगम द्वारा हर वार्ड में छोटे-छोटे पार्क व सेल्फी प्वाइंट बनाने की योजना भी तैयार की गई है, जिसके तहत वार्ड नंबर 8 में कुछ सप्ताह पूर्व ही नवनिर्मित पार्क व सेल्फी प्वाइंट का उद्घाटन किया गया था। इस बीच शहर के प्रमुख पार्कों चिल्ड्रन पार्क, जवाहर पार्क व मोहन पार्क के जीर्णोद्धार व नवीनीकरण को लेकर भी योजना बनाई गई है और बजट भी तैयार किया गया है। शहर का दिल कहे जाने वाले माल रोड स्थित चिल्ड्रन पार्क में प्रतिदिन सुबह से लेकर शाम तक लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। यहां लोग अकसर घूमते व शांति से बैठकर गपशप लगाते हुए देखे जा सकते हैं। इसके अतिरिक्त यहां बच्चों के मनोरंजन के लिए कई प्रकार के झूले भी लगाए गए हैं, लेकिन पिछले कुछ समय से अधिकांश झूले टूट गए थे। इस कारण यहां आने वाले बच्चों को खासी निराशा का सामना करना पड़ रहा था।
नगर निगम सोलन के डिप्टी मेयर राजीव कौड़ा ने बताया कि चिल्ड्रन पार्क में खराब पड़े झूलों को बदलकर नए झूले लगा दिए गए हैं। अब यहां आने वाले बच्चों को सुविधा मिलेगी। इस पर करीब साढ़े पांच लाख रुपए खर्चे गए हैं। निगम शहर के अन्य पार्कों के जीर्णोद्धार व सौंदर्यकरण के लिए भी बजट का प्रावधान कर रहा है।


