भाजपा ने राहुल को घेरा, हंगामे के बाद लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित

संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण आज से शुरू हो रहा है। बजट सत्र का दूसरा चरण छह अप्रैल तक चलेगा और इस दौरान 17 बैठकें होंगी। कार्यवाही को सुचारु रूप से चलाने के लिए सोमवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने मंत्रियों के साथ बैठक की। दूसरी तरफ विपक्ष की रणनीति तैयार करने के लिए कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने अन्य विपक्षी दलों के साथ मंथन किया।
केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा में भाजपा के नेता पीयूष गोयल ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी ने विदेशी जमीन पर भारतवासियों और सदन का अपमान किया है। भारत में वाक स्वतंत्रता है और संसद में सभी अपनी बात रखते हैं। उन्हें भारत के ऊपर इस प्रकार की टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है। उन्हें सदन में आकर माफी मांगनी चाहिए।”
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा में राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सदन के एक वरिष्ठ नेता हैं। उन्होंने विदेश की धरती से भारत का अपमान किया है। उन्हें संसद में आकर माफी मांगनी चाहिए। उनके इस बयान के बाद विपक्ष ने सदन में जमकर हंगामा किया। इसके बाद सदन की कार्यवाही को दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
आम आदमी पार्टी और भारतीय राष्ट्र समिति के सांसदों ने बजट सत्र के दूसरे चरण की शुरुआत से पहले संसद परिसर में गांधी प्रतिमा के सामने केंद्रीय एजेंसियों और अडानी विवाद के कथित दुरुपयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

