रोबोटिक सर्जन डॉ. विवेक बिंदल को हिमाचल गौरव अवार्ड से सम्मानित
हिमाचल उत्सव के समापन पर आयोजकों की तरफ से समाज में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने के लिए कई विभूतियों को सम्मानित किया। इस मौके पर जाने माने रोबोटिक सर्जन डॉ. विवेक बिंदल को हिमाचल गौरव अवार्ड से सम्मानित किया गया। डॉ विवेक बिंदल सोलन के निवासी हैं और पूर्व मंत्री राजीव बिंदल के सुपुत्र हैं। उल्लेखनीय है कि डा. विवेक बिंदल हिंदुस्तान के अग्रणी रोबोटिक विशेषज्ञों में शुमार हैं। साल 2003 में हिमाचल पीएमटी में टाप करने के बाद विवेक बिंदल ने मौलाना अबुल कलाम आजाद मेडिकल कालेज से अपनी पढ़ाई करने के बाद सर गंगाराम अस्पताल और उसके बाद अमेरिका जाकर रोबोटिक सर्जरी में सुपर स्पेशलाइजेशन हासिल की। वर्तमान में दिल्ली के मैक्स हेल्थकेयर में रोबोटिक सर्जरी के विभाग में डायरेक्टर और हेड आफ डिपार्टमेंट के तौर पर कार्यरत हैं। वर्तमान में डा. बिंदल देश की कई नेशनल और इंटरनेशल प्रोफेशनल सोसायटीस में लीडरशीप पोजिशन पर हैं और अब तक उनके 50 से ज्यादा रिसर्च पेपर प्रतिष्ठित इंटरनेशनल मेडिकल जर्नल्स में प्रकाशित हो चुके हैं। कई प्रथम अपने खाते में दर्ज करने वाले डा विवेक बिंदल को सबसे कम उम्र के बच्चे की बैरियेटिक सर्जरी करने का श्रेय प्राप्त है। उनके द्वारा आईजीएमसी में की गई बैरियेटिक सर्जरी को आडिटोरियम में बैठे 200 से ज्यादा विशेषज्ञों ने लाईव देखा था।

