भाजपा नेता संजय टंडन ने शिमला संसदीय क्षेत्र कार्यालय का किया शुभारंभ, सोलन मंडल त्रिदेव मीटिंग में शामिल होकर कार्यालय-कार्यक्रम और कार्यकर्ता से परिवर्तन दिखाने को कहा

चंडीगढ़। चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश भाजपा के सह-प्रभारी संजय टंडन ने आज शिमला संसदीय क्षेत्र के पार्टी कार्यालय का शुभारंभ किया। इसके बाद वह हिमाचल प्रदेश के सोलन में मंडल त्रिदेव मीटिंग में शामिल हुए। लोकसभा चुनाव 2024 में हिमाचल प्रदेश से जीत का चौका लगाने के लिए संजय टंडन ने मीटिंग में मौजूद सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से कहा कि कार्यालय बनने से दायित्व पहले से कहीं अधिक बढ़ जाता है। इस दौरान उन्होंने त्रिदेव की धारणा, कार्यालय-कार्यक्रम और कार्यकर्ता पर ध्यान आकृष्ट कराते हुए सबसे मजबूत कड़ी कार्यकर्ता को बताया।

संजय टंडन ने कहा कि सभी पदाधिकारियों के आगे कभी न कभी पूर्व लग जाता है लेकिन एकमात्र कार्यकर्ता ऐसा है, जिसके आगे कभी पूर्व नहीं लगता। उन्होंने बैठक में लाए गए पैंफलेट व दिशा-निर्देश समेत अन्य दस्तावेज देखकर डॉक्टर राजीव बिंदल समेत सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

भाजपा नेता संजय टंडन ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के लिए अपनी रणनीति बारे जानना आवश्यक है। क्योंकि अन्य सियासी दल व प्रतिद्वंदी उनके लोगों के बीच जाने के दौरान उन्हें स्थानीय समस्याओं बारे बताकर बातचीत से उनका ध्यान भटकाएंगे। क्योंकि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने किसी भी अन्य पार्टी या नेता को अपनी ताकत नहीं दिखती, पूर्व की सरकार के 60 साल का कार्यकाल भी छोटा नजर आता है। इसी कारण भाजपा के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को किसी भ्रम में न पड़कर बातचीत का मुद्दा केंद्रीय स्तर पर रखना चाहिए।

भाजपा नेता संजय टंडन ने कहा कि लोगों को यह बताना जरूरी है कि `मोदी क्यों जरूरी है’, इसके लिए दो दिन पूर्व विस्तृत अभियान की शुरूआत की गई है। इसके जरिए पूर्व की व्यवस्थाओं और वर्तमान में हुए या हो रहे बदलावों की जानकारी दी गई है। पहले देश में कैसा माहौल था और उसकी आज से तुलना की गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें वर्ष 1990 से वर्ष 2004 तक जन्में लोगों को केंद्र सरकार की सभी योजनाओं व कार्यों की विस्तृत जानकारी देनी चाहिए। क्योंकि उन्हें पुरातन समय बारे अधिक जानकारी नहीं है। उन्हें बताया जाना चाहिए कि पहले स्कूल, एम्स, आईआईएम का पैसा नेताओं की जेब में जाता था लेकिन मोदी सरकार में यह पैसा उनके लिए लगता दिख रहा है।
संजय टंडन ने 20 से 35 वर्ष की आयु के लोगों को जागरूक करने बारे भी ध्यान आकृष्ट कराया। साथ ही युवाओं को भड़काने वाले सोशल मीडिया मीम्स से बचाने को कहा।
लोकसभा कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप, हिमाचल प्रदेश के उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री डॉ राजीव सैजल, प्रदेश की उपाध्यक्ष रश्मीधर सूद, दो बार के सांसद एवं अनुसूचित मोर्चा प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र कश्यप, सह-प्रभारी एवं पूर्व कोषाध्यक्ष संजय सूद, जिला अध्यक्ष रतन सिंह पाल, सोलन मंडल के अध्यक्ष मदन ठाकुर समेत अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *