नौणी विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय स्तरीय किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
सोलन। नौणी स्थित डॉ. वाईएस परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय स्तरीय किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के आज के सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध समाजसेवी एवं वरिष्ठ राजनीतिज्ञ कर्नल संजय शांडिल ने शिरकत की। उनके साथ अपने समय के प्रसिद्ध धावक भूपेंद्र शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कर्नल संजय शांडिल ने खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बताते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि अनुशासन, परिश्रम और टीम भावना भी सिखाते हैं। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर के 27 राज्यों से लगभग 900 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का संचालन 50 अनुभवी रेफरी द्वारा किया जा रहा है। इसके अलावा सभी राज्यों के किक बॉक्सिंग संघों के प्रधान और महासचिव भी विशेष रूप से मौजूद हैं।
प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए वाको किक बॉक्सिंग इंडिया के अध्यक्ष संतोष कुमार अग्रवाल, महासचिव अभिषेक जैन और सीनियर प्रेसिडेंट संजय कुमार यादव भी उपस्थित रहे। वहीं, प्रदेश किक बॉक्सिंग एसोसिएशन हिमाचल के कार्यकारी अध्यक्ष पुनीत वर्मा, उपाध्यक्ष तिलक शर्मा, राजेश कालिया, नरेश कुमार (प्रधान, जौनाजी पंचायत), सौरभ पॉल, अनीश उर्फ बंटी और चंदन गर्ग सहित अनेक गणमान्य लोग भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया। आयोजन समिति ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करना और उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक दिशा देना है।
