पंचायत कोसरियाँ में सिलाई अध्यापिका से मारपीट का मामला गरमाया, कर्मचारी संघ ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
बिलासपुर/झंडूता,
पंचायत कोसरियाँ, जिला बिलासपुर (हि.प्र.) में ड्यूटी के दौरान कार्यरत सिलाई अध्यापिका एवं प्रदेश सचिव नीना देवी के साथ पंचायत प्रधान श्रीमती रीना देवी द्वारा कथित रूप से की गई मारपीट, गाली-गलौज व चरित्र पर भद्दी टिप्पणियों के विरोध में हि.प्र. सिलाई-कटाई एवं पंचायत सहायिका कर्मचारी संघ ने कड़ा रोष प्रकट किया । नीरु कालिया की अध्यक्षता में आयोजित संघ की आभासी बैठक (Google Meet) में प्रदेश पदाधिकारी —
उपमहासचिव श्रीमती सोनिका ठाकुर,
संगठन सचिव श्रीमती अंबिका देवी,
उपाध्यक्ष श्रीमती रुक्मिणी देवी,
सचिव श्रीमती आरती ठाकुर,
उपाध्यक्ष श्रीमती सपना शर्मा,
कोषाध्यक्ष श्रीमती संतोष शर्मा,
तथा श्रीमती लीला कंवर — सभी ने पंचायत प्रधान के व्यवहार की कड़ी निंदा की।
संघ ने सरकार व प्रशासन से की बड़ी कार्रवाई की मांग
संघ ने पंचायती राज निदेशक, से मांग करते हुए कहा कि पंचायत प्रधान के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई हेतु विकास खंड अधिकारी, झंडूता को तुरंत निर्देश जारी किए जाएं।
साथ ही जिलाधीश बिलासपुर से भी आग्रह किया गया है कि शिकायत की गहराई से जांच कराई जाए तथा जांच पूरी होने तक पंचायत प्रधान रीना देवी को—
प्रधान पद के कार्यों से
पंचायत परिसर में प्रवेश से
निलंबित/प्रतिबंधित किया जाए ताकि जांच प्रभावित न हो।
पुलिस से भी निष्पक्ष जांच की मांग
संघ ने जिला पुलिस अधीक्षक बिलासपुर से कहा है कि पंचायत प्रधान प्रभावशाली पद पर हैं और अपने प्रभाव का दुरुपयोग कर सकती हैं, इसलिए मामले की निष्पक्ष व त्वरित जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
संघ ने चेताया—न्याय न मिला तो होगा आंदोलन
कर्मचारी संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि पीड़ित सिलाई अध्यापिका को न्याय नहीं मिलता और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तो संघ आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होगा।
