राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चायल का वार्षिक उत्सव संपन्न
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चायल का वार्षिक उत्सव संपन्न
- पंजाबी एकल नृत्य में काव्या शर्मा की प्रस्तुति पर झूमे छात्र
सोलन । जिला सोलन की पर्यटन नगरी चायल में महाराजा पटियाला द्वारा स्थापित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चायल का वार्षिकोत्सव शुक्रवार को बहुत ही धूमधाम से आयोजित किया गया । स्कूल के प्रधानाचार्य कुलभूषण शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य अतिथि के रूप में कॉपरेटिव बैंक के मैनेजर बलदेव कुमार पहुंचे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में चायल होटल एसोसिएशन के प्रधान देवेंद्र वर्मा, डॉक्टर मदन लाल, उप प्रधान ग्राम पंचायत चायल पंकज वर्मा व कांग्रेस पार्टी के महासचिव अजय शर्मा ने शिरकत की ।
वार्षिक उत्सव में स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की अनेक प्रस्तुतियां पेश की। स्कूल की छात्राओं द्वारा सोलो नृत्य व ग्रुप नृत्य की प्रस्तुतियों पर उपस्थित अभिभावकों व दर्शकों ने खूब तालियां बजाई । सोलो नृत्य में स्कूल की छात्रा काव्या शर्मा ने पंजाबी संगीत पर सुंदर नृत्य किया। इस अवसर पर सभी मेधावी छात्रों को मुख्य अतिथि द्वारा ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
स्कूल प्रधानाचार्य कुलभूषण शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर स्कूल के विषय में भी जानकारी दी गई।बता दें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चायल की स्थापना स्वतंत्रता से पूर्व सन 1905 ई में महाराजा पटियाला ने एक प्राथमिक पाठशाला के रूप में की थी। सन 1911 में इसे मिडिल स्कूल किया गया। 1950 में उच्च विद्यालय बनाया गया। यह पाठशाला सन 1994 में वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के रूप में स्थापित की गई । सन 2007 में इस पाठशाला के भवन को धरोहर भवन घोषित किया गया ।
वर्तमान में इस पाठशाला में लगभग 220 छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे है। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बलदेव कुमार ने बैंक की तरफ से स्कूल को 11000 रूपये की धनराशि भेंट की। वही चाइल होटल एसोसिएशन के प्रधान देवेंद्र वर्मा ने अपनी तरफ से बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से ज्यादा अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं को नगद प्रोत्साहन राशि भेंट की। उन्होंने कहा कि हर वर्ष यह धनराशि बोर्ड परीक्षाओं में अच्छा करने वाले छात्र-छात्राओं को उनकी तरफ से दी जाएगी।
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार वर्ष 2010 में इस विद्यालय में विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन किया गया । जिसकी अध्यक्ष असमा ठाकुर हैं। छात्रों को सरकार की ओर से विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाएं दी जा रही हैं। जिसमें डॉक्टर अंबेडकर मेधावी छात्रवृति योजना , महर्षि वाल्मीकि छात्रवृत्ति योजना, स्वामी विवेकानंद छात्रवृत्ति योजना, ठाकुर सेन उत्कृष्ट छात्रवृत्ति योजना, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्रों के लिए मैट्रिकोलेटर छात्रवृत्ति योजना प्रमुख है। इसके अतिरिक्त रिद्धिमा को इंस्पायर छात्रवृत्ति योजना के लिए चयनित किया गया है। केंद्र सरकार द्वारा युवा शक्ति को उचित राह व लोक कल्याण में कार्यरत करने हेतु चलाई गई राष्ट्रीय सेवा योजना इस विद्यालय में 2005 में आरंभ की गई । अनूप कुमार प्रवक्ता इस योजना के प्रभारी है। वर्तमान में इस योजना में 114 छात्र सदस्य हैं।


