कसौली में चिट्टा तस्करी का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

दिनांक 20 दिसंबर 2025 को पुलिस थाना कसौली की टीम गश्त एवं अपराधों की रोकथाम के लिए थाना क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि पवन कुमार और रोहित कुमार नजारा होटल की ओर से कसौली की तरफ आ रहे हैं और दोनों चिट्टा/हेरोइन की तस्करी में संलिप्त हैं। सूचना के अनुसार दोनों आरोपी भारी मात्रा में नशा युवाओं व छात्रों को बेचने के उद्देश्य से साथ लाए हुए थे।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों व्यक्तियों को काबू कर लिया। पूछताछ में उनकी पहचान पवन कुमार पुत्र श्री मोहन लाल, निवासी गांव मशोबरा, तहसील कसौली, जिला सोलन, उम्र 29 वर्ष तथा रोहित कुमार पुत्र श्री दलीप कुमार, निवासी गांव चटियाणा, डाकखाना एवं तहसील कसौली, जिला सोलन, उम्र 40 वर्ष के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 1.6 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। इस संबंध में पुलिस थाना कसौली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
मामले की जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी रोहित कुमार का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है। उसके विरुद्ध चरस/चिट्टा/हेरोइन तस्करी के कुल पांच मामले दर्ज हैं, जिनमें चार मामले थाना कसौली और एक मामला थाना पिंजौर (हरियाणा) में पंजीकृत है। इसके अतिरिक्त उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता के तहत चोरी और लड़ाई-झगड़े के दो अन्य मामले भी दर्ज हैं।
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।

