कंडाघाट में दो दिवसीय अंडर-19 कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

काली माता क्लब द्वारा कंडाघाट ग्राउंड में दो दिवसीय अंडर-19 कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से आई कुल 18 टीमों ने भाग लिया और पूरे उत्साह व खेल भावना के साथ अपने हुनर का प्रदर्शन किया।


प्रतियोगिता के दौरान कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, जिनका दर्शकों ने जमकर आनंद उठाया।क्लब के अध्यक्ष वासु ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता के आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास करते हैं, बल्कि अनुशासन और टीम भावना भी सिखाते हैं।प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में कहलोग की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शोघी की टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया, जबकि शोघी की टीम उपविजेता रही। दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।समापन अवसर पर क्लब अध्यक्ष वासु ने सभी प्रतिभागी टीमों, आयोजन समिति के सदस्यों, रेफरी, स्वयंसेवकों एवं खेल प्रेमियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की बात कही, ताकि क्षेत्र के युवा खेलों के माध्यम से आगे बढ़ सकें।

