नगर निगम सोलन और कांग्रेस की ‘दबंगई’ ने बच्चों के खेल के मैदान को बनाया पार्किंग

सोलन |
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य (आईटी विभाग) अरुष गुप्ता ने सोलन नगर निगम और प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कांग्रेस के नवनियुक्त ज़िलाध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम के दौरान ठोडो ग्राउंड को अवैध पार्किंग में बदलने पर कड़ा रोष प्रकट करते हुए इसे कांग्रेस की ‘दबंगई’ और आम जनता के अधिकारों का हनन करार दिया है।

खेल के मैदान में बच्चों के भविष्य से खिलवाड़
अरुष गुप्ता ने कहा कि यह बड़े दुर्भाग्य का विषय है कि जब ग्राउंड में युवा खेल रहे थे, व्यायाम और अभ्यास कर रहे थे, उस समय कांग्रेस के नेताओं ने अपना रसूख दिखाते हुए लगभग चौथाई मैदान को गाड़ियों से भर दिया।

उन्होंने प्रश्न किया, “क्या आपकी सरकार और आपका मेयर होने का मतलब यह है कि आप नियमों की धज्जियाँ उड़ाएंगे? खेल के मैदान को पार्किंग बनाकर बच्चों और खिलाड़ियों के हक पर डाका डाला गया है।”

गुप्ता ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर प्रश्न उठाते हुए कहा कि सोलन नगर आज तक एक भी बड़ी पार्किंग नहीं बना पाया है। नगर निगम हॉल में होने वाले कार्यक्रमों के लिए आने वाले लोगों के पास गाड़ियाँ खड़ी करने की जगह नहीं होती। निगम के पास बनी पेड पार्किंग सदा फ़ुल रहती है।

उन्होंने पूर्व डिप्टी मेयर पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि वे ग्राउंड में गाड़ियाँ खड़ी करने का विरोध तो करते हैं, लेकिन सत्ता में होने के बावजूद आज तक इस समस्या का कोई समाधान नहीं ढूंढ पाए।

अरुष गुप्ता ने तीखे शब्दों में कहा कि:

  • “सत्ता के नशे में चूर कांग्रेस नेता नियमों के विरुद्ध जाकर खेल के मैदान का दुरुपयोग कर रहे हैं।”
  • “मैदान में गाड़ियाँ खड़ी होने से खिलाड़ियों को चोट लगने और गाड़ियों को नुकसान होने का खतरा बना रहा।”
  • “नगर निगम सोलन को उत्तर देना होगा कि किसके आदेश पर खेल के मैदान को पार्किंग में बदला गया।”

उन्होंने मांग की कि इस मामले में नियमों के उल्लंघन पर तुरंत कार्यवाही होनी चाहिए। उन्होंने ‘मेरा सोलन मेरी ज़िम्मेवारी’ का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा जनहित और खिलाड़ियों के हितों के लिए चुप नहीं बैठेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *