कंडाघाट पुलिस को बड़ी सफलता: चिट्टा सप्लायर चंडीगढ़ से गिरफ्तार, 14 ग्राम हेरोइन बरामद

कंडाघाट पुलिस थाना के अंतर्गत दर्ज नशीले पदार्थ तस्करी मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले में मुख्य चिट्टा सप्लायर को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया है।
प्रारंभिक कार्रवाई में पुलिस द्वारा तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जिन्हें माननीय न्यायालय से चार दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की गई। पूछताछ एवं तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण से यह सामने आया कि आरोपियों ने बरामद चिट्टा/हेरोइन चंडीगढ़ निवासी दीपक नामक व्यक्ति से खरीदी थी। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि नशीला पदार्थ खरीदने के लिए आरोपियों ने सोने की बालियां बेचकर भुगतान किया था।
इसी कड़ी में पुलिस थाना कंडाघाट की टीम ने बैकवर्ड लिंकेंज के आधार पर दिनांक 15 जनवरी 2026 को मुख्य आरोपी दीपक पुत्र श्री डेंगू राम, निवासी सेक्टर-38, डड्डू माजरा कॉलोनी, चंडीगढ़ (यू.टी.), उम्र 35 वर्ष को गिरफ्तार किया। आरोपी के ठिकाने की तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 14 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई।
इस मामले में अब तक कुल चार आरोपियों से लगभग 25 ग्राम चिट्टा बरामद किया जा चुका है। इसके साथ ही आरोपियों द्वारा बेची गई सोने की बालियां, जिन्हें आरोपी ने अपनी गाड़ी में छुपाकर रखा था, भी पुलिस ने बरामद कर ली हैं। मामले में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर पुलिस कब्जे में ले लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी को आज दिनांक 16 जनवरी 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
