पत्नी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार, कसौली थाना में मामला दर्ज ।

सोलन जिला के कसौली क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार 31-01-2026 को गांव शनोगी निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस चौकी कुठाड़ में सूचना दी कि चतर सिंह की पत्नी सुमन ने उस पर चाकू से हमला कर स्वयं को कमरे में बंद कर लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पाया गया कि श्रीमती सुमन अपने कमरे में मृत अवस्था में पड़ी थी। उसके गले व शरीर पर तेजधार हथियार के गहरे घाव थे और कमरा खून से लथपथ था।
मौके पर मौजूद श्रीमती पूजा निवासी शामती, सोलन ने पुलिस को बयान दिया कि शाम के समय उन्हें फोन पर सूचना मिली थी कि सुमन और उसके पति चतर सिंह के बीच झगड़ा हुआ है। जब वे परिजनों सहित गांव पहुंचे तो सुमन कमरे में मृत मिली। उन्होंने आशंका जताई कि सुमन की हत्या उसके पति द्वारा की गई है।
इस आधार पर थाना कसौली में अभियोग संख्या 12/2026 दिनांक 01-02-2026 को धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य एकत्र किए गए। मौके से एक चाकू व एक कैंची बरामद कर कब्जे में ली गई। उपमंडल पुलिस अधिकारी परवाणू ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतका के शव का पोस्टमार्टम आईजीएमसी शिमला में कराया जा रहा है।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों व गवाहों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला की हत्या उसके पति द्वारा की गई। पुलिस ने आरोपी चतर सिंह (43) पुत्र पाल सिंह, निवासी गांव शनोगी, तहसील कसौली, जिला सोलन को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

