9 जुलाई से शुरू होगी हिमाचल की 31वीं राज्य स्तरीय निशानेबाजी प्रतियोगिता: विजय ठाकुर


शिमला/सोलन: हिमाचल प्रदेश के निशानेबाजों के लिए बड़ी प्रतियोगिता का आगाज 9 जुलाई से होने जा रहा है। हिमाचल प्रदेश राज्य राइफल एसोसिएशन की ओर से 31वीं राज्य स्तरीय निशानेबाजी प्रतियोगिता का आयोजन 9 से 13 जुलाई तक कैथलीघाट और शिमला में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर के खिलाड़ी राइफल, पिस्टल और शॉटगन स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजन सचिव विजय ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि 10 मीटर एयर राइफल और एयर पिस्टल स्पर्धाएं इंदिरा गांधी खेल परिसर, शिमला में आयोजित होंगी। वहीं 50 मीटर राइफल, 50 मीटर पिस्टल, 25 मीटर पिस्टल और 12 बोर ट्रैप शॉटगन प्रतियोगिताएं कैथलीघाट स्थित महालक्ष्मी फर्नीचर के समीप आयोजित की जाएंगी।
प्रतियोगिता का समापन 14 जुलाई को दोपहर 3 बजे इंदिरा गांधी खेल परिसर, शिमला में पदक वितरण समारोह के साथ किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य रखा गया है। आवेदन केवल राष्ट्रीय राइफल संघ की ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। पंजीकरण प्रक्रिया 25 जून से शुरू हो चुकी है और 7 जुलाई सुबह 8 बजे तक जारी रहेगी। इसके बाद 8 जुलाई सुबह 8 बजे तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
विजय ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता में सीनियर, जूनियर, यूथ, सब-यूथ, मास्टर्स, सीनियर मास्टर्स, सुपर मास्टर्स और अंडर-12 वर्गों में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। सभी स्पर्धाएं अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ के निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न होंगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उत्तर क्षेत्र, प्री-नेशनल और राष्ट्रीय स्तर की निशानेबाजी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेना अनिवार्य है। साथ ही खिलाड़ियों से समय रहते पंजीकरण कराने और प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा मानकों, अनुशासन एवं निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करने की अपील की गई है।
