मजदूरों के हितों की आवाज बनेगा INTUC, सोलन की शहरी कार्यकारिणी जल्द होगी गठित

सोलन। भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस महासंघ (INTUC), सोलन के नवनियुक्त शहरी अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा है कि मजदूरों, कर्मचारियों एवं मेहनतकश वर्ग के हितों की रक्षा तथा संगठन को शहरी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से शहरी कार्यकारिणी का गठन शीघ्र किया जाएगा।
संजीव शर्मा ने कहा कि शहरी कार्यकारिणी में कर्मठ, ईमानदार एवं संगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। ऐसे लोगों का चयन किया जाएगा जो मजदूर वर्ग से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के साथ-साथ उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर सकें।
उन्होंने कहा कि INTUC मजदूरों के अधिकार, सम्मान और हितों की लड़ाई को पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगा। संगठन का प्रयास रहेगा कि मजदूरों एवं कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से संबंधित मंचों पर उठाया जाए और जरूरतमंद वर्ग को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं।
शहरी अध्यक्ष ने कहा कि जल्द ही शहरी कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी, जिसके बाद संगठन को सोलन शहर में जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाया जाएगा।
