हिमाचल की बेटी पूजा ठाकुर ने जीता ‘इंडियाज बेस्ट सुपरमॉडल फर्स्ट रनर-अप 2026’ का खिताब

सोलन की शिक्षिका पूजा ठाकुर ने राष्ट्रीय स्तर पर चमकाया हिमाचल का नाम, पहले भी जीत चुकी हैं कई प्रतिष्ठित खिताब
सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले की बेटी पूजा ठाकुर ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर एक बार फिर प्रदेश का नाम देशभर में रोशन किया है। पेशे से शिक्षिका पूजा ठाकुर ने India’s Talent Fight रियलिटी शो में ‘इंडियाज बेस्ट सुपरमॉडल फर्स्ट रनर-अप 2026’ का खिताब अपने नाम किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और उन्हें बधाइयां मिल रही हैं।
इस प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले उत्तराखंड के रुड़की स्थित गोल्डन लीफ रिसॉर्ट में आयोजित किया गया। इसमें देशभर से 30 प्रतिभागियों का चयन ग्रैंड फिनाले के लिए हुआ था। पूजा ठाकुर ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर पहले टॉप-5 फाइनलिस्ट में जगह बनाई और फिर ‘इंडियाज बेस्ट सुपरमॉडल फर्स्ट रनर-अप 2026’ का खिताब हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
पहले भी जीत चुकी हैं कई खिताब
पूजा ठाकुर इससे पहले भी मॉडलिंग की दुनिया में अपनी पहचान बना चुकी हैं। वह ‘मिस शान-ए-हिमाचल’ और ‘मिस इंडियन नेक्स्ट फैशन मॉडल’ जैसे खिताब अपने नाम कर चुकी हैं। लगातार मिल रही सफलताओं के साथ पूजा न केवल अपनी पहचान मजबूत कर रही हैं, बल्कि हिमाचल प्रदेश को भी राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित कर रही हैं।
आयोजक शेखर सैनी को दिया सफलता का श्रेय
पूजा ठाकुर ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय शो के आयोजक श्री शेखर सैनी को दिया। उन्होंने बताया कि India’s Talent Fight एक ऐसा मंच है, जहां डांस, एक्टिंग, मॉडलिंग और कविता सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिभा रखने वाले उभरते कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है।
ग्रैंड फिनाले में शामिल हुए कई चर्चित कलाकार
ग्रैंड फिनाले में टीवी सीरियल ‘प्रतिज्ञा’ से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री पूजा गौर ने निर्णायक की भूमिका निभाई। वहीं, एक्टिंग और सिंगिंग श्रेणियों में अनु मलिक और गीता मां जैसी जानी-मानी हस्तियां भी कार्यक्रम का हिस्सा बनीं। आयोजकों के अनुसार, इस शो का प्रसारण 9XM चैनल पर किया जाएगा।
शिक्षिका होने के साथ मॉडलिंग का जुनून
पूजा ठाकुर पेशे से शिक्षिका हैं और अपने शिक्षण कार्य के साथ-साथ मॉडलिंग के क्षेत्र में भी निरंतर आगे बढ़ रही हैं। दोनों जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में यह उपलब्धि हासिल करना उनकी मेहनत, आत्मविश्वास और लगन को दर्शाता है।
पूजा ठाकुर की यह सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणादायक है, जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत के दम पर व्यक्ति अपने पेशे के साथ-साथ अपनी रुचि के क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयां हासिल कर सकता है।
