केरलम स्टेट कोऑपरेटिव बैंक के 15 सदस्यीय निदेशक मंडल ने किया जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक का एक्सपोजर विजिट सहकारी बैंकिंग के अनुभवों और सफल कार्यप्रणाली को किया साझा

सोलन। आज जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड के मुख्य कार्यालय, सोलन में केरलम स्टेट कोऑपरेटिव बैंक के 15 सदस्यीय निदेशक मंडल और बैंक मैनेजमेंट ने एक्सपोजर विजिट किया। इस अवसर पर बैंक के चेयरमैन एडवोकेट मुकेश शर्मा एवं प्रबंध निदेशक पंकज सूद ने केरलम से आए सभी निदेशक मंडल के सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।

एक्सपोजर विजिट के दौरान जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक की कार्यप्रणाली, बैंकिंग गतिविधियों, वित्तीय प्रबंधन, ऋण वितरण प्रणाली, ग्राहक सेवाओं, तकनीकी नवाचारों तथा बैंक की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की गई। वहीं केरलम स्टेट कोऑपरेटिव बैंक के प्रतिनिधिमंडल ने भी अपने बैंकिंग मॉडल, कार्यप्रणाली और सहकारी बैंकिंग क्षेत्र में अपनाई जा रही आधुनिक एवं प्रभावी व्यवस्थाओं के अनुभव साझा किए।

इस दौरान दोनों बैंकों के प्रतिनिधियों के बीच सहकारी बैंकिंग को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी, आधुनिक एवं जनोन्मुखी बनाने को लेकर सार्थक चर्चा हुई। विशेष रूप से बदलते बैंकिंग परिवेश में डिजिटल बैंकिंग, बेहतर ग्राहक सेवाओं, वित्तीय समावेशन और सहकारी संस्थाओं की आर्थिक मजबूती जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया।

चेयरमैन एडवोकेट मुकेश शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के एक्सपोजर विजिट सहकारी बैंकों के बीच आपसी सहयोग, अनुभवों के आदान-प्रदान और नई कार्यप्रणालियों को अपनाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। देश के विभिन्न राज्यों के सहकारी बैंकों की सफल व्यवस्थाओं से सीखकर बैंकिंग सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के लिए यह गर्व का विषय है कि देश के विभिन्न राज्यों के प्रतिष्ठित सहकारी बैंक यहां आकर बैंक की कार्यप्रणाली का अवलोकन कर रहे हैं। उन्होंने सभी अतिथि निदेशकों का आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल प्रवास की कामना की।

इस अवसर पर बैंक के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *