छोटी काशी में जमकर उड़ा गुलाल

छोटी काशी मंडी में सोमवार को होली पर्व बड़ी हर्षोल्लास से मनाया गया। लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और गले मिलकर रंगों के पावन त्यौहार होली की बधाई दी। सेरी मंच पर जैसे-जैसे पंजाबी, पहाड़ी, हिंदी सहित अंग्रेजी गाने बजते रहे, वैसे-वैसे हजारों की तदाद में उमड़ी भीड़ ने थिरक कर खूब धमाल मचाई। हालांकि देशभर में होली का त्यौहार आठ मार्च को मनाया जाएगा। लेकिन मंडी जिला में होली के त्यौहार को सदियों से एक दिन पहले मनाने की परंपरा चली आ रही है। इस बार ज्योतिष गणना और नक्षत्रों के लिहाज से यह पर्व एक नहीं बल्कि दो दिन पहले मनाया गया। लेकिन पूरे प्रदेश के मुकाबले छोटी काशी मंडी में होली पर्व रिकार्ड तोड़ ढंग से पर्व मनाया।
हर गली मोहल्ले में अपनों और परिवार के संग होली मनाने के बाद पूरा शहर मंडी शहर के गांधी चौक, राजमाधव मंदिर, चौहटा और सेरी चाणनी में उमड़ आया। इसके बाद हर किसी ने सबके साथ मंडी शहर में धूमधाम और नाचते गाते डीजे की धुनों पर जमकर होली खेली। लोगों ने राज माधव मंदिर में जाकर माथा टेका और भगवान श्रीकृष्ण को रंग लगाया। गौरतलब है कि मंडी वासी ऐतिहासिक सेरी मंच पर करीब 20 वर्षों से होली का त्यौहार मनाते आ रहे हैं। लोग यहां बड़ी संख्या में आकर डीजे की धुनों पर थिरककर इस उत्सव का आनंद उठाते हैं। दोपहर तक होली का जश्न मनाने के बाद लोग राज माधव राय मंदिर पहुंचे और यहां भगवान श्री कृष्ण को गुलाल लगाया। इसके बाद राज माधव राय की भव्य शोभायात्रा निकाली गई जो शहर भर की परिक्रमा करने के बाद वापिस अपने मंदिर लौटी और इसी के साथ होली के त्यौहार का समापन हुआ। रंग-बिरंगे गुलाल ने
ऐतिहासिक सेरी मंच परिसर में हजारों लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा जहां डीजे की धुन पर नाचते हुए युवाओं ने खूब धमाल मचाया। वहीं पर होली के जोश में नाचते हुए युवाओं पर गुलाल ऐसे उड़ रहा था मानों रंगीन बादलों का झोंका गुजर रहा हो। होली के इस उल्लास में महिलाएं भी पीछे नहीं थी। वे रंगों के इस उत्सव में पूरी तरह से रंगी हुई थी। सेरी मंच पर डीजे की धुनों पर शहर के लोगों ने जमकर मस्ती की।
होली पर्व के दौरान मंडी पुलिस की टीम पूरी तरह चौकस नजर आई। शहर में जहां भी युवाओं द्वारा गड़बड़ी करने का मामला सामने आने लगा, तो पुलिस ने मौके पर भी युवाओं को गाईड किया। वहीं कार्यक्रम समापन होते ही पुलिस की टीम शहर में उतर गई और युवाओं को घर जाने के लिए निर्देश देती नजर आई।
दो बजे राजदेवता माधोराय भी पालकी में सवार होकर होली के मतवालों के साथ होली खेलने सडक़ों पर उतर आए। राजदेवता माधोराय जो भगवान श्रीकृष्ण का प्रतिरूप हैं , की पालकी पर खूब रंग बरसाया या। माधोराय की जलेब निकलने के बाद होली की मस्ती समाप्त हो गई।
होली पर्व को लेकर सेरी मंच आयोजित कार्यक्रम को लेकर हर कोई डीजे की धुनों पर मस्त रहा। वहीं सोमवार को प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा नॉन बोर्ड की वार्षिक परीक्षा भी थी। लेकिन परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र न पहुंचकर सीधा सेरी मंच पर होली पर्व मनाने पहुंच गए थे। कार्यक्रम के दौरान सेरी मंच से परीक्षार्थियों को परीक्षा में भाग लेने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *