शिमला के नेरवा में 200 फीट गहरी खाई में गिरी कार, चार युवकों की मौत

हादसा चौपाल तहसील के नेरवा गांव के पास हुआ। तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य युवक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

बिजमल नेरवा मार्ग पर नेरवा से पांच किलोमीटर दूरी पर केदी के निकट हुई एक कार दुर्घटना में चार युवकों की मौत हो गई जबकि एक अन्य को मामूली चोटें आईं हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार कार एचपी 08बी 1998 कनाहाल से नेरवा की ओर आ रही थी। बाबली ढांक में अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर कार 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में अक्षय पुत्र ओम प्रकाश, आयु 18 वर्ष गांव भरटाओं, ऋतिक पुत्र संत राम आयु 18 वर्ष गांव पवान, आशीष पुत्र अमर सिंह आयु 19 वर्ष गांव शिरीन की मौके पर ही मृत्यु हो गई। लक्की आयु 23 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक अन्य सवार सौरभ आयु 20 वर्ष दोनों पुत्र नारायण सिंह निवासी ग्राम कनाहल को मामूली चोटें आईं हैं।
स्थानीय लोगों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी व घायलों को खाई से निकाल कर सिविल अस्पताल नेरवा पहुंचाया। जहां पर लक्की की मौत हो गई,जो भारतीय सेना में जवान था। स्थानीय प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को दस दस हजार रुपये की राशि फौरी राहत के तौर पर प्रदान की गई है। एसडीपीओ चौपाल राजकुमार ने दुर्घटना की पुष्टी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *