बोर्ड परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए उड़नदस्ता तैयार

स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए शिक्षा विभाग ने योजना तैयार कर ली है। इसके लिए जिलास्तर पर उड़नदस्तों का गठन किया गया है।
उड़नदस्ते की कमान उच्च शिक्षा उपनिदेशक के पास रहेगी। इसमें उपनिदेशक समेत चार शिक्षक शामिल रहेंगे, जो नकल रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड 10 मार्च से 10वीं और 12वीं की टर्म-2 की परीक्षाएं करवा रहा है। परीक्षा में नकल रोकने के लिए सीसीटीवी कैमराें के अलावा विभागीय उड़नदस्ता भी औचक निरीक्षण करेगा।
जिले में 10वीं और 12वीं कक्षा की टर्म-2 परीक्षा के लिए 106 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों में स्कूल शिक्षा बोर्ड की डेटशीट के अनुसार सुबह और शाम के सत्रों में परीक्षा करवाई जाएगी। इसमें जिले के सरकारी स्कूलों के 10,677 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। शिक्षा विभाग के उड़नदस्ते में उच्च शिक्षा उपनिदेशक के अलावा सीएंडवी, प्रवक्ता और टीजीटी शिक्षक शामिल रहेंगे।
इस संबंध में उच्च शिक्षा उपनिदेशक शांति लाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश समेत जिले में 10 मार्च से दसवीं और 12वीं कक्षा की टर्म-2 की परीक्षा शुरू होंगी। परीक्षा में नकल रोकने के लिए केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा उड़नदस्ता का गठन भी किया गया है। यह उड़नदस्ता स्कूलों में औचक निरीक्षण करेगा।


