इंग्लैंड से दादा के सर्टिफिकेट लेने पहुंचा दंपति

राजधानी शिमला में ब्रिटिश शासनकाल के दौरान अहम पदों पर तैनात रहे अपने दादा और पिता के जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र लेने एक अंग्रेज दंपति इंग्लैंड से शिमला पहुंचा है। नगर निगम शिमला की ब्रांच में इनका रिकॉर्ड मिला है। इसमें जन्म और मृत्यु का ब्यौरा मिल गया है। निगम कर्मचारियों ने बताया कि इंग्लैंड निवासी साइमन बीट होली से ठीक पहले अपनी पत्नी के साथ शिमला आए थे। यहां टूरिस्ट गाइड से इन्होंने शिमला के इतिहास को लेकर बात की और बताया कि उनके ताया दादा (पिता के ताया) विलियम लिटस्टर शिमला नगर निगम में शासक रह चुके हैं। वह सचिव के पद पर तैनात थे। 27 नवंबर 1930 को शिमला में उनका निधन हो गया। उन्हें शिमला में ही दफनाया गया था। ऐसे में यहां उनका रिकॉर्ड जरूर होगा। गाइड के साथ जब निगम की स्वास्थ्य शाखा में जाकर रिकॉर्ड चैक किया तो उसमें यह ब्यौरा मिल गया।
साइमन ने बताया कि उनके पिता सिरिल बीट का जन्म भी शिमला में हुआ था। वह सेशन जज रहे थे। गौर रहे कि शिमला नगर निगम के पास साल 1870 से 2015 तक का जन्म और मृत्यु का सारा रिकार्ड सुरक्षित है। अंग्रेजी शासनकाल के दौरान भी शिमला नगर निगम की परिधि में आने वाले क्षेत्रों में होने वाले जन्म और मृत्यु का सारा रिकॉर्ड नगर निगम के पास दर्ज करवाना अनिवार्य था। इसलिए नगर निगम में आज भी 1870 से लेकर 1947 तक शिमला में जन्मे कई अंग्रेजी शासकों, अफसरों से जुड़ा रिकॉर्ड मौजूद है। हर साल कई विदेशी सैलानी शिमला घूमने आते हैं और अपने पूर्वजों के जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के तौर पर नगर निगम में सुरक्षित यादें ले जाते हैं। निगम प्रशासन ने पिछला सारा रिकॉर्ड अभी तक सुरक्षित रखा है। इसे अभी डिजिटल नहीं किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *