थोक महंगाई 25 महीने के निचले स्तर पर, फरवरी में घटकर 3.85 फीसदी पर आई, आलू-प्याज हुए सस्ते

महंगाई के मोर्चे पर आम जनता को राहत मिली है और फरवरी महीने में थोक महंगाई दर घटकर 25 महीने के निचले स्तर 3.85 फीसदी पर आ गई है। जनवरी 2023 में थोक महंगाई दर 4.73 फीसदी रही थी। आलू, प्याज, ईंधन जैसी आइटम के सस्ते होने से महंगाई दर में यह गिरावट आई है। इससे पहले सोमवार को खुदरा महंगाई दर के आंकड़े जारी किए गए थे, जिनके मुताबिक फरवरी 2023 में खुदरा महंगाई दर घटकर 6.44 फीसदी पर आ गई है। सरकार की ओर से जारी बयान के अनुसार, फरवरी 2023 में मुद्रास्फीति की दर में गिरावट मुख्य रूप से कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस, गैर-खाद्य वस्तुओं, खाद्य उत्पादों, खनिजों, कम्प्यूटर, इलेक्ट्रॉनिक और ऑप्टिकल उत्पादों, रसायन और रासायनिक उत्पादों, विद्युत उपकरणों व मोटर वाहनों, ट्रेलरों और सेमीट्रेलर की कीमतों में गिरावट के कारण आई है। थोक महंगाई के अलग-अलग क्षेत्रों की बात करें तो निर्माण उत्पादों की कैटेगरी में महंगाई दर 1.94 फीसदी रही, जो जनवरी में 2.99 फीसदी थी। सब्जियों के मामले में यह माइनस 21.53 फीसदी रही, जो कि जनवरी महीने में माइनस 26.48 फीसदी रही थी। अंडा, मटन-मछली के मामले में थोक महंगाई दर 1.49 प्रतिशत रही, जनवरी में यह 2.23 प्रतिशत थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *