मध्यप्रदेश में रिश्वतखोरी से जुड़ा एक हैरान कर देने वाला मामला

मध्यप्रदेश में रिश्वतखोरी से जुड़ा एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। कटनी जिले में जबलपुर लोकायुक्त की टीम रिश्वत की शिकायत पर कार्रवाई करने पहुंची थी। लोकायुक्त को सामने देखकर पटवारी रिश्वत के रुपए को खा गया है। वह 500 रुपए के नौ नोट को एक-एक कर निगल गया है। इसके बाद कॉन्स्टेबल ने उसके मुंह में हाथ डालकर रुपए निकालने की कोशिश की तो उंगली काट ली है। लोकायुक्त की टीम पटवारी को अस्पताल लेकर पहुंची है।
दरअसल, आरोपी पटवारी ने फरियादी से सीमांकन के नाम पर 5 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। पीड़ित रिश्वत लेकर उसके पास पहुंचा। उसने जैसे ही रिश्वत की रकम पकड़ाई, दूसरी ओर से लोकायुक्त की टीम ने धावा बोल दिया। टीम को देखकर रिश्वतखोर पटवारी 5-5 सौ के 9 नोटों को एक-एक करके खा गया।
सोमवार को जबलपुर लोकायुक्त की 7 सदस्यीय टीम ने मिलकर रिश्वतखोर पटवारी गजेंद्र सिंह को साढ़े 4 हजार की रिश्वत लेते पकड़ लिया। शातिर पटवारी ने मौका देखा और रिश्वत में मिले नोटों को एक-एक करके खा गया। जब तक कोई कुछ समझ पाता, तब तक पटवारी ने पैसों को हजम भी कर लिया। घटना से आश्चर्यचकित लोकायुक्त की टीम पटवारी को तुरंत पुलिस के साथ मिलकर जिला अस्पताल लेकर पहुंची। डॉक्टरों की लाख कोशिशों के बावजूद एक भी नोट नहीं निकल सका।
लोकायुक्त इंस्पेक्टर कमल सिंह उईके ने बताया कि शिकायतकर्ता चंदन लोधी की शिकायत पर आज दबिश देकर रिश्वतखोर पटवारी गजेंद्र सिंह को साढ़े 4 हजार के साथ पकड़ा लेकिन वो सारे नोट ही चबा गया। हालांकि टीम के पास वॉइस रेकॉर्डिंग से लेकर अन्य सबूत हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी गजेंद्र सिंह पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *