ग्राम पंचायत कौड़ावाली के गांव बाड्डा के लोग आवारा कुत्तों के आतंक से परेशान
स्वारघाट से सुभाष
उपमंडल स्वारघाट के तहत आने वाली ग्राम पंचायत कौड़ावाली के गांव बाड्डा के लोग इन दिनों आवारा कुत्तों के आतंक से परेशान हैं।
इस चंगर क्षेत्र में आवारा कुत्तों की इतनी भरमार हो गई है कि बच्चों को बाहर अकेले भेजना मुश्किल हो गया है।
कुछ ऐसे ही मामले में आवारा कुत्तों के झुंड ने रमन कुमार की दो बकरियों को मौत के घाट उतार दिया।
रमन कुमार की यह दोनों बकरियां पशुशाला में बंधी हुई थी कि देर रात अचानक बेसहारा कुत्तों के झुंड ने बकरियों पर धावा बोल कर उन्हें अपना शिकार बना लिया।
अगली सुबह रमन कुमार की माता पशुशाला पहुंची तो उन्हें इस घटना का पता चला।
इस आकस्मिक घटना से रमन कुमार को हजारों का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
स्थानीय लोगों ने पंचायत प्रधान को इसकी सूचना देने के साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग उठाई है।
लोगों का कहना है कि बढ़ते आवारा कुत्तों के साथ साथ स्थानीय लोग भी आपने पालतू कुत्तों को खुला छोड़ रखते हैं जिससे विशेषकर महिलाओं और बच्चों के बीच डर बना हुआ है।
लोगों ने पशु पालन विभाग से मांग उठाई है कि इन आवारा कुत्तों को पकड़कर क्षेत्रवासियों को निजात दिलाई जाए।


