जीवन में मेहनत और अनुशासन सबसे जरूरी : चंद्र कुमार

जीवन में मेहनत और अनुशासन सबसे जरूरी : चंद्र कुमार

कहा….शिक्षा ऐसा धन, जितना पाओ उतना कम।
कृषि मंत्री ने नवाज़े भरमाड़ स्कूल के होनहार।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 21 हजार रुपए देने की घोषणा

ज्वाली 9 जनवरी : कृषि व पशुपालन मंत्री प्रोo चंद्र कुमार ने कहा है कि शिक्षा ऐसा धन है जिसको जितना ग्रहण करें उतनी कम होती है। उन्होंने आज मंगलवार को ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरमाड़ के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए यह उदगार व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि अच्छी शिक्षा जीवन का सबसे बड़ा आधार है। कोई भी समाज बिना शिक्षा के अधूरा है। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे संघर्ष, परिश्रम एवं अनुशासन को अपना साथी बनाएं।
कृषि मंत्री ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की पहचान उसमें शिक्षा ग्रहण करने वाले बच्चों द्वारा अर्जित उपलब्धियों व अनुशासन की उच्च परम्पराओं से बनती है।
प्रोo चंद्र कुमार ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षण संस्थानों में बच्चों को गुणात्मक और संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान करने पर विशेष बल दे रही है। शिक्षण संस्थानों में शिक्षा के मूलभूत ढ़ांचे को मजबूत बनाने के साथ रिक्त पड़े पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू की गई है। ताकि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो। उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों के लिए सबसे बड़े प्रेरक होते हैं। शिक्षक बच्चों को ऐसी शिक्षा प्रदान करें ताकि वे अपनी कामयाबी के झंडे बुलंद कर सकें। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों से स्कूल की प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट लेने का आग्रह किया।
कृषि मंत्री ने ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए बताया कि इस क्षेत्र में सड़क और सिंचाई परियोजनाओं पर करोड़ों रुपए की राशि व्यय की जा रही है। उन्होंने बताया कि भरमाड़ क्षेत्र के तहत सिद्धपुरघाड़-भलाड़ सड़क पर छः करोड़ रुपए, बनोली से भाटी-डुगली बासा कोठा-हरनेरा सड़क पर 5 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जा रही है। इसके अतिरिक्त नियाल-झलून सड़क की बूहल खड्ड पर 4 करोड़ रुपये की राशि से पुल का निर्माण किया जा रहा है। जबकि नियाल में 10 लाख रुपए की लागत से पशु डिस्पेंसरी बनाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में विधायक प्राथमिकता के तहत 34 ट्यूबवेल लगाए जा रहे हैं। जिसमें से भरमाड़ क्षेत्र में 24 ट्यूबवेल लगाए जाएंगे, जिससे इस क्षेत्र में सिंचाई की व्यवस्था और सुदृढ़ होगी। इसके अलावा पेयजल की कमी वाले क्षेत्रों में 10 ट्यूबवेल बनाए गए हैं।
उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने स्कूल में दो अतिरिक्त कमरों तथा ऑडिटोरियम बनाने और शौचालय के सुधारीकरण के लिए धन की समुचित व्यवस्था करवाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कृषि मंत्री ने इस अवसर पर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी और सम्बन्धित अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।
स्कूल के प्रधानाचार्य प्यार चंद कपूर ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और स्कूल की विभिन्न उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया।
इससे पहले,स्कूल स्टाफ तथा एसएमसी कमेटी के सदस्यों ने कृषि मंत्री को स्मृति चिन्ह,शाल व टोपी प्रदान कर सम्मानित किया।

ये रहे मौजूद
कांग्रेस प्रवक्ता संसार सिंह संसारी,ज़िला कांग्रेस उपाध्यक्ष वशीर मोहम्मद, राजीव गांधी पंचायती राज प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मनमोहन सिंह, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष इंदु बाला,आईएमसी के अध्यक्ष मनु शर्मा, स्कूल के प्रधानाचार्य प्यार चंद कपूर, एसएमसी प्रधान रमन वर्धन, विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता आदर्श शर्मा,लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मनोहर लाल शर्मा, जलशक्ति विभाग के एसडीओ पवन कौंडल,बीडीसी कैलाश भारती, भरमाड़ पंचायत के प्रधान सुशील कुमार,शिक्षण संस्थानों के अध्यापक,बच्चे और उनके अभिभावक, विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *