सोलन में 175 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय धोखाधड़ी का मामला दर्जह्यूमन वेलफेयर मल्टी स्टेट क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट सोसाइटी के खिलाफ कार्रवाई शुरू

सोलन, 16 नवंबर 2025।
श्रीमती संगीता शर्मा पत्‍नि श्री शंकर शर्मा, निवासी वार्ड नंबर-7 ठोडो ग्राउंड सोलन ने पुलिस थाना सदर सोलन में एक गंभीर शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में Human Welfare Multi State Credit and Thrift Co-operative Society Ltd. और इसके 21 पदाधिकारियों/एजेंटों पर बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी तथा निवेशकों को करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान पहुँचाने के आरोप लगाए गए हैं।

शिकायत के अनुसार, उपरोक्त मल्टी-स्टेट सहकारी सोसाइटी वर्ष 2016 से हिमाचल प्रदेश में RD, FD, DDS, MIP जैसी विभिन्न वित्तीय योजनाएँ चला रही थी। एजेंटों और ब्रांच मैनेजरों के माध्यम से लाखों निवेशकों से लगभग 175 करोड़ रुपये की राशि विभिन्न योजनाओं में जमा करवाई गई।

शिकायतकर्ता ने बताया कि 2 दिसंबर 2024 को अचानक सोसाइटी की वेबसाइट, पोर्टल तथा सभी सेवाएँ बंद कर दी गईं। इसके बाद मियाद पूरी होने के बावजूद निवेशकों को उनकी राशि वापस नहीं मिली और सोसाइटी के पदाधिकारियों से भी कोई संपर्क नहीं हो पाया। इससे निवेशकों में भारी रोष व चिंता फैल गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 316(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस के अनुसार, वित्तीय अनियमितताओं और संभावित धोखाधड़ी के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

पुलिस ने निवेशकों से भी अपील की है कि यदि कोई अन्य व्यक्ति भी इस सोसाइटी से प्रभावित है तो वह आगे आकर संबंधित साक्ष्यों सहित सूचना दे, ताकि जांच को और मजबूत किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *