हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति (HGVS) जिला इकाई सोलन द्वारा युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को लेकर कंडाघाट में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

युवाओं में बढ़ते नशे की समस्या पर हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति (HGVS) जिला इकाई सोलन ने पोलिटेक्निकल महिला कॉलेज कण्डाघाट के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ नशीली दवाओं के दुरुपयोग (ड्रग एब्यूज़) के गंभीर मुद्दे पर DIET सोलन के छात्रों द्वारा HGVS के सहयोग से तैयार किया कला जत्था का कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के जिलाध्यक्ष डॉ बी एस पंवर, उपाध्यक्ष जयंत शर्मा, राज्य सह सचिव सीता राम ठाकुर के साथ राज्य सचिव एवं हिमाचल फोरम अगेंस्ट ड्रग एब्यूज (HFADA) के संगठनात्मक सहयोगी सत्यवान पुंडीर विशेष रूप से शामिल हुए।
इस मौके पर तहसील कल्याण अधिकारी कर्ण पाठक बतौर मुख्य अथिति शामिल हुए। सीता राम ठाकुर ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण को अपनाने तथा जीवन में विज्ञान एवं टेक्नोलोजी के महत्व पर तथा सत्यवान पुंडीर ने नशीली दवाओं के बढ़ते खतरे को समझना तथा इसके सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संबंधी प्रभावों पर चर्चा की।
पुंडीर ने परिवार की प्रभावशाली भूमिका पर बल देते हुए समुदाय में माँ (Maa) अभियान को समाज में नशे के बढ़ते जाल को तोड़ने के लिए समाज को जागृत होकर लामबंद होने का भी आह्वान किया।
साथ ही शिक्षण संस्थाओं के माध्यम से प्राइमरी प्रिवेशन पर शिक्षण संस्थानों में दोस्त (DoST) हस्तक्षेप से सकारात्मक दृष्टिकोण वाले पीयर ग्रुप तैयार करके जोरदार तरीके से अभियान चलाने की आवश्यकता है। इस अभियान के माध्यम से समाज में नशे के प्रभाव, कारणों तथा समाधान के व्यावहारिक पहलुओं को समझने का प्रयास करना होगा तथा सामूहिक एवं समग्र प्रयासों को करना होगा।
पोलिटेक्निक कॉलेज प्रधानाचार्य राकेश शर्मा ने भी अपने विचार और अनुभव साझा किए तथा इस सामाजिक समस्या से निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही पोलिटेक्निक कॉलेज प्रशासन की ओर से सभी कलाकारों को मोमेंटो भी दिए गए।
दूसरा कार्यक्रम कण्डाघाट के चायल चौक पर किया गया। जिसकी अध्यक्षता अधिवक्ता संगठन से राजीव ने की तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सभी के योगदान की अपील की।
इस मौके पर ज्ञान विज्ञान समिति द्वारा नशे के मुद्दे पर तैयार तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा लॉन्च की गयी The WHITE Truth वेब सीरीज के संदेश के प्रति भी युवाओं को जागरूक किया तथा इसे gyanvigyanstream चेनल द्वारा YouTube, Facebook तथा Instagram पर सब्स्क्राइब, लाइक, शेयर, कमेंट करने का आग्रह किया।
HGVS ने युवाओं, शिक्षण संस्थानों एवं समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए नशीली दवाओं के दुरुपयोग के विरुद्ध एक सशक्त और जागरूक समाज निर्माण की अपील की। पोलिटेक कॉलेज प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य ने ज्ञान विज्ञान समिति की टीम का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नौणी विश्वविद्यालय से सेवानिवृत डॉ राजीव अग्रवाल, सेवानिवृत मनरेगा सोशल ऑडिट निदेशक, गुलाब सिंह नामधारी, सुदेश ठाकुर, विनय पुंडीर आदि उपस्थित रहे।

