“केंद्रीय बजट 2026 जनजातीय समाज के लिए ऐतिहासिक व विकासोन्मुखी” — राजतिलक नेगी

सोलन: भाजपा सोलन शहरी मंडल अध्यक्ष, जनजाति मोर्चा
राजतिलक नेगी ने केंद्रीय बजट 2026 का स्वागत करते हुए कहा कि यह बजट जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास और विकसित भारत–2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जनजातीय विकास के लिए लगभग 14,925.81 करोड़ रुपये का प्रावधान, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 46 प्रतिशत अधिक है, जनजातीय समाज के प्रति सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
राजतिलक नेगी ने कहा कि बजट में जनजातीय बहुल क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य केंद्र, आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने से दूर-दराज़ गांवों तक विकास पहुंचेगा।
शिक्षा के क्षेत्र में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के विस्तार और छात्रवृत्ति योजनाओं से जनजातीय युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने का सशक्त प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि वन उत्पादों के मूल्य संवर्धन, स्वयं सहायता समूहों, कौशल प्रशिक्षण और स्थानीय रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान देकर ग्राम स्तर पर अर्थव्यवस्था को मजबूत किया गया है, जिससे पलायन पर प्रभावी रोक लगेगी।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, मोबाइल मेडिकल यूनिट तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य योजनाएं जनजातीय समाज के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाएंगी।
राजतिलक नेगी ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 हिमाचल प्रदेश सहित पूरे देश के जनजातीय समुदायों के लिए उम्मीद, सम्मान और विकास का बजट है।
उन्होंने इस जनहितकारी और दूरदर्शी बजट के लिए माननीय प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय वित्त मंत्री का हृदय से आभार व्यक्त किया।

