भारी बारिश के बावजूद 31वीं स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में उमड़ा उत्साह, पहले दिन बड़ी संख्या में शूटरों ने लिया भाग


सोलन/शिमला। हिमाचल प्रदेश राइफल एसोसिएशन द्वारा आयोजित 31वीं स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप 2026 का आगाज़ उत्साह के साथ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन कैथलीघाट में आयोजित मुकाबलों में शॉटगन स्पर्धा में 40, पिस्टल में 50 और राइफल में 58 शूटरों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
वहीं, शिमला के खेल परिसर में आयोजित 10 मीटर एयर राइफल एवं पिस्टल प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों का जोश देखने को मिला, जहां आज 90 शूटरों ने भाग लिया।
एसोसिएशन के महासचिव ईश्वर रोहल ने जानकारी देते हुए बताया कि भारी बारिश के बावजूद भी प्रतिभागियों का उत्साह कम नहीं हुआ है और निशानेबाज बढ़-चढ़कर प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता के लिए अब तक कुल 1090 ऑनलाइन पंजीकरण हो चुके हैं और ट्रिपल एंट्री फीस के साथ पंजीकरण प्रक्रिया अभी भी जारी है।
चैंपियनशिप में प्रदेश भर से आए प्रतिभागियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है, जिससे आने वाले दिनों में प्रतियोगिता और भी रोमांचक होने की उम्मीद है।
