नरेश चौहान को भाजपा में मिली अहम जिम्मेदारी, जिला शिमला में संगठन मजबूत करने की कमान

विद्यार्थी परिषद से भाजपा तक लंबा सफर, संगठन और सहकारिता क्षेत्र में निभा चुके हैं कई महत्वपूर्ण दायित्व

शिमला। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से नरेश चौहान को जिला शिमला में प्रभारी/समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी है। चौपाल क्षेत्र से संबंध रखने वाले नरेश चौहान लंबे समय से संगठन, सामाजिक गतिविधियों और सहकारिता क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनकी नियुक्ति से जिला शिमला में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल और संगठनात्मक मजबूती को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

नरेश चौहान का राजनीतिक एवं सामाजिक सफर विद्यार्थी जीवन से ही शुरू हो गया था। वे बाल स्वयंसेवक रहे हैं और वर्ष 1999 से 2008 तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में विभिन्न जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वर्ष 2001 में उन्होंने संजौली महाविद्यालय में सीएससीए सचिव का चुनाव जीतकर छात्र राजनीति में अपनी पहचान बनाई।

इसके बाद उन्होंने वर्ष 2009 से 2019 तक अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, हिमाचल प्रदेश के प्रदेश संगठन मंत्री के रूप में कार्य किया। इस दौरान उन्होंने उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ विभिन्न सामाजिक विषयों पर भी सक्रिय भूमिका निभाई।

भाजपा में भी नरेश चौहान को संगठनात्मक जिम्मेदारियां मिलती रही हैं। वर्ष 2019 से वे भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे हैं। वर्तमान में वे भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ, हिमाचल प्रदेश के प्रदेश संयोजक के रूप में कार्य कर रहे हैं।

सहकारिता क्षेत्र में उनके अनुभव की बात करें तो वे वर्ष 2008 से 2012 तक हिम प्रोसेस के अध्यक्ष रहे। इसके अलावा वे वर्तमान में दूसरी बार शिमला जिला सहकारी संघ के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो नरेश चौहान ने मास्टर इन सोशल वर्क (एमएसडब्ल्यू), पीजी डिप्लोमा इन योग तथा एमए साइकोलॉजी की डिग्री प्राप्त की है। उनकी स्कूली शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, नाहन से हुई है।

भाजपा में जिला शिमला की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने नरेश चौहान को शुभकामनाएं दी हैं। संगठनात्मक अनुभव और विभिन्न क्षेत्रों में उनकी सक्रियता को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि वे जिले में पार्टी की गतिविधियों को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बढ़ाने और जनसंपर्क अभियानों को प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *