हिमाचल की बेटी बलजीत कौर को तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित

सोलन/कंडाघाट: हिमाचल प्रदेश की बेटी और सोलन जिले के कंडाघाट की रहने वाली अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही बलजीत कौर ने एक बार फिर प्रदेश का नाम देशभर में रोशन किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार, 13 नवंबर को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में बलजीत कौर को प्रतिष्ठित तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार से सम्मानित किया।
बलजीत कौर को यह सम्मान पर्वतारोहण के क्षेत्र में उनकी असाधारण उपलब्धियों, साहस और उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया है।
बलजीत कौर ने अपने अदम्य साहस और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर दुनिया की कई चुनौतीपूर्ण पर्वत चोटियों को फतह किया है। उनकी उपलब्धियों में माउंट एवरेस्ट, माउंट अन्नपूर्णा, माउंट किलिमंजारो, माउंट मनास्लू, माउंट मकालू, माउंट ल्होत्से और माउंट कंचनजंगा जैसी विश्व प्रसिद्ध चोटियां शामिल हैं।
कंडाघाट जैसे छोटे से क्षेत्र से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाली बलजीत कौर की सफलता आज देश की बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई है। उन्होंने साबित किया है कि अगर हौसले बुलंद हों और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो तो कोई भी मंजिल मुश्किल नहीं होती।
राष्ट्रपति भवन में मिले इस प्रतिष्ठित सम्मान से सोलन जिले सहित पूरे हिमाचल प्रदेश में खुशी और गर्व का माहौल है। बलजीत कौर की इस उपलब्धि ने एक बार फिर हिमाचल की साहसिक खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।
