पालमपुर के लाल रिक्षित चौहान की सुरक्षित घर वापसी: मोदी सरकार और जयराम ठाकुर के प्रयासों की बड़ी जीत: अरुष गुप्ता

सोलन/पालमपुर:
अटलांटिक महासागर में अमेरिकी नौसेना द्वारा ज़ब्त किए गए रूसी ऑयल टैंकर ‘मैरिनेरा’ में फंसे हिमाचल प्रदेश के पालमपुर निवासी क्रू मेंबर रिक्षित चौहान की सुरक्षित रिहाई और भारत वापसी पर हर्ष व्यक्त करते हुए, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य (IT विभाग) अरुष गुप्ता ने इसे केंद्र की भाजपा सरकार की कूटनीतिक जीत करार दिया है।
जयराम ठाकुर का अटूट प्रयास और संकल्प—
अरुष गुप्ता ने कहा कि रिक्षित की सुरक्षित वापसी में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही है। ठाकुर ने परिवार के दर्द को अपना समझते हुए निरंतर केंद्र सरकार के साथ समन्वय बनाए रखा। उनके अथक प्रयासों और व्यक्तिगत रुचि के कारण ही आज पालमपुर का बेटा अपने घर लौट रहा है। हिमाचल की जनता जयराम ठाकुर के इस सेवा भाव के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त करती है।
मोदी सरकार और डॉ. एस जयशंकर की ‘धाकड़’ कूटनीति—
अरुष गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर का आभार जताते हुए कहा कि आज विश्व में ‘नए भारत’ की गूंज है। मोदी सरकार का संकल्प है कि विश्व के किसी भी कोने में अगर कोई भारतीय संकट में है, तो उसे सुरक्षित वापस लाना सरकार की प्राथमिकता है। डॉ. जयशंकर की कुशल विदेश नीति ने एक बार फ़िर साबित कर दिया है कि मोदी है तो मुमकिन है।
प्रदेश की कांग्रेस सरकार का ‘शून्य’ सहयोग और संवेदनहीनता—
कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए अरुष गुप्ता ने कहा:
“जहाँ एक ओर केंद्र सरकार और भाजपा नेतृत्व दिन-रात एक करके हमारे बेटे की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित कर रहे थे, वहीं प्रदेश की सुक्खू सरकार पूरी तरह से संवेदनहीन बनी रही। कांग्रेस सरकार का इस पूरे मामले में ‘शून्य’ सहयोग रहा। प्रदेश की कांग्रेस सरकार केवल राजनीति और झूठी गारंटियों में व्यस्त है, उन्हें हिमाचल के युवाओं की सुरक्षा से कोई सरोकार नहीं है। यह बेहद शर्मनाक है कि संकट की इस घड़ी में भी प्रदेश सरकार ने हाथ पर हाथ धरे रखे।”
परिवार में खुशी की लहर—
7 जनवरी से लापता और संपर्क विहीन रिक्षित चौहान की घर वापसी की खबर से पूरे क्षेत्र में प्रसन्नता का वातावरण है। 26 जनवरी को हुई बातचीत और अब उनके भारत पहुंचने की सूचना ने परिजनों को राहत दी है। अरुष गुप्ता ने अंत में दोहराया कि भारतीय जनता पार्टी सदा अपने नागरिकों के साथ चट्टान की भांति खड़ी है।
जारीकर्ता:
अरुष गुप्ता
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य (IT विभाग),
भारतीय जनता पार्टी, हिमाचल प्रदेश।
