धर्मपुर में तीन दिवसीय अंडर-19 बॉयज जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ

धर्मपुर, 5 सितंबर। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धर्मपुर में 19 वर्ष से कम आयु के छात्रों की तीन दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ कसौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने बतौर मुख्य अतिथि किया। वहीं उपनिदेशक स्कूल शिक्षा उच्च, मधु जनारथा ने विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। विद्यालय परिसर में खिलाड़ियों द्वारा मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया तथा मुख्य अतिथि को सलामी दी गई। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि विनोद सुल्तानपुरी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने तथा खेल भावना के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

विशेष अतिथि श्रीमती मधु जनारथा जी ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करने से विद्यार्थी जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं आयोजन समिति ने मुख्य अतिथि, विशेष अतिथि, विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों, टीम प्रभारियों एवं सहयोगी विभागों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।

यह तीन दिवसीय प्रतियोगिता 5 सितंबर से 7 सितंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के अंडर-19 खिलाड़ी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *