आशा कार्यकर्ता संघ की बैठक में उठीं विभिन्न मांगें, सीएमओ को सौंपेंगे मांग पत्र अनीता कुमारी

सोलन, जिला सोलन आशा कार्यकर्ता संघ की बैठक 21 सितंबर 2026 को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश सह प्रभारी देवराज ने की।बैठक में करीब 800 आशा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में आशा कार्यकर्ताओं की विभिन्न समस्याओं और मांगों पर चर्चा की गई तथा मांग पत्र तैयार कर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) सोलन को सौंपने का निर्णय लिया गया।
बैठक की अधिक जानकारी देते हुए प्रदेश प्रेसिडेंट अनिता कुमारी ने बताया कि बैठक में आशा कार्यकर्ताओं ने मांग की कि भौगोलिक स्थिति के कारण दूर-दराज क्षेत्रों में कार्य करने वाली आशाओं को आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को देखते हुए उचित प्रोत्साहन राशि (इंसेंटिव) दी जाए। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड बनाने तथा परिवार के सदस्यों को भी इसमें जोड़ने की सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग की गई।
अनीता ने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं ने टीबी अभियान में सीएचओ को मिलने वाले इंसेंटिव की तर्ज पर आशाओं को भी प्रोत्साहन राशि देने की मांग उठाई। साथ ही आरटीआई/अन्य प्रशिक्षण सत्रों में वैक्सीन से संबंधित कार्यों को लेकर भी व्यवस्था में सुधार की मांग की गई।
बैठक में ऑनलाइन कार्य करवाने से पहले आशा कार्यकर्ताओं को पूर्ण एवं उचित प्रशिक्षण देने, ऑनलाइन कार्य के लिए पर्याप्त स्टोरेज वाले नए मोबाइल उपलब्ध करवाने तथा 400 रुपये मासिक मोबाइल भत्ता देने की मांग रखी गई। आशाओं को मिलने वाला इंसेंटिव प्रत्येक माह की 10 तारीख तक जारी करने की मांग भी की गई।
आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनसे सब-सेंटर और पीएचसी स्तर पर सफाई सहित अन्य अतिरिक्त कार्य करवाए जा रहे हैं, जिन्हें तत्काल प्रभाव से बंद किया जाना चाहिए। इसके अलावा ड्रेस अलाउंस, दवा व जूता भत्ता प्रतिवर्ष देने, विभिन्न शिविरों एवं एक्स-रे कैंप में किए जाने वाले कार्य का इंसेंटिव देने की मांग भी रखी गई।
संघ ने दूसरे राज्यों में सरकारी संस्थानों में होने वाली डिलीवरी का इंसेंटिव भी संबंधित आशा कार्यकर्ताओं को देने की मांग की है। बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने कहा कि इन मांगों को लेकर तैयार मांग पत्र सीएमओ सोलन को सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी।
