नगर पंचायत कंडाघाट में खुली सिगरेट व बीड़ी पर सख्ती सचिव अभिनव शर्मा ने किया बाजार का निरीक्षण, व्यापारियों को दी चेतावनी

कंडाघाट (सोलन)। हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा खुली सिगरेट व बीड़ी बेचने पर लगाए गए प्रतिबंध के तहत नगर पंचायत कंडाघाट ने शुक्रवार को कंडाघाट बाजार में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नगर पंचायत के सचिव अभिनव शर्मा ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे किसी भी प्रकार के खुले तंबाकू उत्पादों—सिगरेट, बीड़ी, खैनी आदि—की बिक्री न करें।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने दुकानदारों को यह भी हिदायत दी कि यदि वे तंबाकू उत्पाद बेचना चाहते हैं, तो इसका अनिवार्य रूप से लाइसेंस बनवाएं। बिना लाइसेंस बिक्री करते पाए जाने पर दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सचिव ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा। नगर पंचायत प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे तंबाकू उत्पादों से दूरी बनाए रखें व खुली सिगरेट बेचने की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
