सोलन में शिव बेकर्स ने धूमधाम से मनाया बाल दिवस, 20 वर्षों से निभा रहे परंपरा

सोलन।
शिव बेकर्स द्वारा बाल दिवस का भव्य आयोजन आज पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। उल्लेखनीय है कि शिव बेकर्स पिछले लगातार 20 वर्षों से बच्चों के लिए बाल दिवस का यह विशेष कार्यक्रम आयोजित करता आ रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी स्थानीय स्कूलों के 250 से अधिक बच्चे कार्यक्रम में शामिल हुए।
जैसे ही बच्चे शिव बेकर्स पहुँचे, माहौल उत्साह से भर गया। बच्चों ने “भारत माता की जय” के जयघोष लगाए और हाथों में लिए पोस्टरों के माध्यम से “बेटी है अनमोल” और “नो टू ड्रग्स” का संदेश समाज तक पहुँचाया।
कार्यक्रम की सबसे खास बात रही 10 किलो का विशाल केक, जिसे बच्चों ने मिलकर काटा और एक-दूसरे के साथ बाल दिवस की खुशियाँ साझा कीं। केक कटिंग समारोह के दौरान बच्चों में जो जोश और खुशी देखी गई, वह इस आयोजन की रौनक को और बढ़ा गई।
इस मौके पर शिव बेकर्स के मालिक मुकेश गुप्ता, सुमित गुप्ता और अर्पित गुप्ता ने बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों पर फूल बरसाकर उन्हें बाल दिवस की शुभकामनाएँ दीं।
मुकेश गुप्ता ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि—
“नो टू ड्रग्स अपनाना ही सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य का पहला कदम है। बच्चे हमारे देश की उम्मीद हैं और आने वाले वर्षों में यही देश-विदेश में नाम रोशन करेंगे।”
कार्यक्रम में जोगिंद्र बैंक के चेयरमैन मुकेश शर्मा और प्रेस क्लब के सेकेट्री जर्नल कीर्ति कौशल भी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दोनों अतिथियों ने बच्चों से बातचीत की, उन्हें बाल दिवस की शुभकामनाएँ दीं और ऐसे आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
लगातार दो दशकों से चली आ रही इस सुंदर परंपरा ने एक बार फिर बच्चों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरी—और यही रही शिव बेकर्स के इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता।
